देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने देहरादून से बाहर कैबिनेट बैठक और विधानसभा सत्र की तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र चंपावत के बनबसा में 4 अक्टूबर को पहली बार कैबिनेट बैठक आयोजित होने जा रही है। वहीं, विधानसभा सत्र 22 से 24 अक्टूबर के बीच गैरसैंण में कराने की तैयारी है।
बनबसा स्थित एनएचपीसी परिसर में सुबह 11 बजे कैबिनेट की बैठक प्रस्तावित है। सचिवालय स्तर पर बैठक की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बैठक में राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, परिवहन और पर्यटन समेत कई विभागों के प्रस्तावों पर विचार कर उन्हें मंजूरी दिए जाने की संभावना है।
पहली बार चंपावत में होगी कैबिनेट
चंपावत मुख्यमंत्री धामी का विधानसभा क्षेत्र है। ऐसे में यहां कैबिनेट बैठक आयोजित किए जाने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले भी उत्तराखंड की विभिन्न सरकारें राजधानी देहरादून से बाहर कैबिनेट बैठकें कर चुकी हैं। वर्ष 2010 में हरिद्वार में, 2012 में गैरसैंण में तथा बाद में हरिद्वार, अल्मोड़ा और केदारनाथ में भी कैबिनेट बैठकें आयोजित हुई थीं।
गैरसैंण में सत्र की तैयारी
उत्तराखंड विधानसभा का सत्र 26 अक्टूबर से पहले होना जरूरी है। इसी को देखते हुए सरकार गैरसैंण में सत्र आयोजित करने की तैयारी कर रही है। सूत्रों के अनुसार, संभावित कार्यक्रम 22 से 24 अक्टूबर तक का है। हालांकि अंतिम तारीख को लेकर औपचारिक निर्णय होना बाकी है। कैबिनेट पहले ही मुख्यमंत्री को सत्र की तारीख और स्थान तय करने के लिए अधिकृत कर चुकी है।
गैरसैंण को उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी का दर्जा प्राप्त है। ऐसे में वहां विधानसभा सत्र आयोजित करने की तैयारी को राज्य की पर्वतीय क्षेत्र केंद्रित राजनीति और प्रशासनिक प्राथमिकताओं के संदर्भ में भी देखा जा रहा है।





