इस्लामाबाद। पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सीमा पर एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। बलूचिस्तान के गुलिस्तान सेक्टर में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों और अफगान तालिबान के बीच हिंसक झड़प की खबर है। पाकिस्तान के सरकारी सूत्रों के अनुसार, अफगान तालिबान के लड़ाकों ने पाकिस्तानी क्षेत्र में घुसने और आक्रामक कार्रवाई करने का प्रयास किया, जिसे सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया। जवाबी कार्रवाई में कई तालिबानी लड़ाकों के मारे जाने का दावा किया गया है।
पाकिस्तानी सरकारी समाचार एजेंसी एपीपी के हवाले से बताया गया कि सीमा पर हुई इस कार्रवाई के बाद देर रात तक दोनों पक्षों के बीच रुक-रुककर गोलीबारी होती रही। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
ड्रोन हमलों के बाद बढ़ा तनाव
यह घटना ऐसे समय हुई है जब दोनों देशों के बीच सीमा पर तनाव पहले से बढ़ा हुआ है। पाकिस्तान का कहना है कि बुधवार को अफगानिस्तान की दिशा से आठ ड्रोन उसके हवाई क्षेत्र में दाखिल हुए थे, जिन्हें सुरक्षा बलों ने मार गिराया। इसके बाद पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के भीतर कई ठिकानों पर हवाई और ड्रोन हमले करने की जानकारी दी थी।
पाकिस्तान का आरोप है कि अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल उसके खिलाफ सक्रिय आतंकी संगठनों द्वारा किया जा रहा है। वहीं, अफगान तालिबान इस तरह के आरोपों को खारिज करता रहा है। सीमा पर बढ़ती झड़पों के बीच दोनों देशों के बीच तनाव कम करने के लिए क्षेत्रीय स्तर पर मध्यस्थता के प्रयास भी जारी हैं।
हालिया घटनाक्रम से पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर सुरक्षा स्थिति को लेकर चिंता बढ़ी है। दोनों पक्षों के बीच सीमा विवाद, आतंकी गतिविधियों और एक-दूसरे पर लगाए जा रहे आरोपों के कारण संबंध लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं।





