काठगोदाम-नैनीताल रूट पर सुरक्षा का सख्त पहरा, पुलिसकर्मियों को ब्रीफिंग; संदिग्धों से लेकर ट्रैफिक और डायवर्जन तक पर पैनी नजर
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित काठगोदाम-नैनीताल भ्रमण को लेकर नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा का पूरा खाका तैयार कर लिया है। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान कोई चूक न हो, इसके लिए पुलिस ने रूट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया है। पुलिसकर्मियों को ड्यूटी प्वाइंट पर समय से पहले पहुंचने और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र ने मुख्यमंत्री के भ्रमण में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विस्तृत ब्रीफिंग की। इस दौरान अधिकारियों को वीवीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल का अक्षरश: पालन करने, रूट सुरक्षा मजबूत रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
रूट पर निगरानी, ट्रैफिक पर भी कड़ा पहरा
मुख्यमंत्री के आवागमन वाले मार्ग और महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। निर्धारित डायवर्जन प्लान को प्रभावी ढंग से लागू करने के साथ ही जरूरत वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाएगी। पुलिस ने साफ किया है कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित न हो और आम यात्रियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
संदिग्ध व्यक्ति-वस्तु दिखी तो तत्काल अलर्ट
कार्यक्रम स्थल, रूट और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। वायरलेस संचार और पुलिस टीमों के बीच समन्वय मजबूत रखने के साथ किसी भी आकस्मिक स्थिति, भीड़ नियंत्रण या कानून-व्यवस्था की चुनौती से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
लापरवाही पर सख्त संदेश
एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के भ्रमण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी पुलिसकर्मी सतर्कता, अनुशासन और संयम के साथ ड्यूटी निभाएं और आमजन व यात्रियों के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखें।
ब्रीफिंग में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, सीओ हल्द्वानी रविकांत सेमवाल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, सीएफओ गौरव किरार समेत विभिन्न थाना-चौकी प्रभारी, यातायात, संचार, अभिसूचना, सीपीयू और अग्निशमन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।





