Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना शुरू, प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग

देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ करेंगे। योजना के तहत प्रदेश के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर मार्गदर्शन और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक कठिनाइयां प्रतिभाशाली युवाओं के भविष्य में बाधा न बनें।

योजना का लाभ राज्य के विश्वविद्यालयों तथा शासकीय और सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को मिलेगा। इसके तहत संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) और उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) की सिविल सेवा परीक्षाओं, रक्षा सेवाओं, बैंकिंग, रेलवे और कर्मचारी चयन आयोग (SSC) जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके अलावा विद्यार्थियों को सामान्य प्रवेश परीक्षा, प्रबंधन अभिरुचि परीक्षा, इंजीनियरिंग में स्नातक अभिरुचि परीक्षा (GATE), राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) तथा वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR) की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा जैसी उच्च शिक्षा और पात्रता परीक्षाओं के लिए भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।

सरकार के अनुसार यह योजना खासतौर पर प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। ऐसे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी के लिए देहरादून या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। वे घर बैठे विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में ऑनलाइन पढ़ाई कर सकेंगे।

सरकार का मानना है कि योजना के माध्यम से युवाओं को समान अवसर मिलेंगे और प्रतियोगी परीक्षाओं में उनकी सफलता की संभावनाएं बढ़ेंगी। इससे प्रदेश के ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का बेहतर मंच मिलेगा।

Popular Articles