Top 5 This Week

Related Posts

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में लखनऊ नंबर-1, इंदौर-जबलपुर ने भी बनाई टॉप-3 में जगह

नई दिल्ली। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 के नतीजे जारी कर दिए हैं। 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ ने बाजी मारते हुए देश में पहला स्थान हासिल किया है। मध्य प्रदेश के इंदौर को दूसरा और जबलपुर को तीसरा स्थान मिला है।

सर्वेक्षण में लखनऊ ने 200 में से 198 अंक हासिल किए, जबकि इंदौर को 197 और जबलपुर को 195 अंक मिले। भोपाल और आगरा 192 अंकों के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर रहे। गुजरात का सूरत 191 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहा।

राजधानी दिल्ली इस बार 172 अंकों के साथ 21वें स्थान पर रही। वहीं मुंबई 160.8 अंकों के साथ 28वें स्थान पर रही। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर ने 189 अंक हासिल कर छठा स्थान प्राप्त किया, जबकि दुर्ग-भिलाई 175.3 अंकों के साथ 17वें स्थान पर रहा।

लखनऊ की उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि पिछले स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में शहर 15वें स्थान पर था। इस बार प्रदूषण नियंत्रण और वायु गुणवत्ता सुधार के प्रयासों के चलते शहर ने लंबी छलांग लगाते हुए पहला स्थान हासिल किया। लखनऊ नगर निगम को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान के लिए शहर को 1.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।

सर्वेक्षण में लखनऊ के वार्ड नंबर-70 ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। 30 हजार से अधिक आबादी वाले वार्डों की श्रेणी में इसे देश का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला वार्ड चुना गया। इसके लिए भी नगर निगम को सम्मानित किया गया।

इंदौर और जबलपुर ने भी वायु गुणवत्ता प्रबंधन में बेहतर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत की है। धूल नियंत्रण, सड़क सफाई, हरित क्षेत्र बढ़ाने, निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट के प्रबंधन और जनभागीदारी जैसे प्रयासों को इन शहरों की उपलब्धि में अहम माना गया है।

 

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण के नतीजे बताते हैं कि देश के बड़े शहरों में वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर किए जा रहे प्रयासों का असर अब रैंकिंग में भी दिखाई देने लगा है।

Popular Articles