Top 5 This Week

Related Posts

इंजन में तकनीकी खराबी, कोच्चि लौट आई अबू धाबी जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट

 कोच्चि। कोच्चि से अबू धाबी जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 415 को उड़ान भरने के कुछ देर बाद तकनीकी खराबी के कारण वापस कोच्चि लौटना पड़ा। बोइंग 737 विमान के एक इंजन में ऑयल की मात्रा तेजी से कम होने के बाद उसकी ऑयल प्रेशर स्थिति खतरे के स्तर तक पहुंच गई। स्थिति को देखते हुए पायलटों ने प्रभावित इंजन को बंद कर विमान को वापस कोच्चि लाने का फैसला किया।

जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान चालक दल ने इंजन नंबर-1 में ऑयल की मात्रा में तेजी से गिरावट दर्ज की। इसके बाद इंजन का ऑयल प्रेशर भी लगातार कम होने लगा और खतरे के स्तर पर पहुंच गया। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पायलटों ने इंजन को शटडाउन किया और विमान को कोच्चि की ओर मोड़ दिया।

विमान ने सुरक्षित रूप से कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंडिंग की। घटना में किसी यात्री या चालक दल के सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है। चालक दल की समय पर कार्रवाई से संभावित स्थिति को गंभीर होने से पहले नियंत्रित कर लिया गया।

घटना के बाद विमान की तकनीकी जांच की जा रही है। एयरलाइन की ओर से खराबी के कारणों और आगे की उड़ान व्यवस्था को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

Popular Articles