नई दिल्ली। मेडिकल की पढ़ाई का सपना देख रहे लाखों विद्यार्थियों के लिए नीट-यूजी परीक्षा में बदलाव की तैयारी की जा रही है। नई व्यवस्था के तहत मेडिकल प्रवेश परीक्षा साल में एक से अधिक बार आयोजित करने और 12वीं बोर्ड के अंकों को भी चयन प्रक्रिया में वेटेज देने का प्रस्ताव सामने आया है। यदि इन सुझावों को मंजूरी मिलती है तो मेडिकल प्रवेश की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए परीक्षा का स्वरूप पूरी तरह बदल सकता है।
केंद्र सरकार द्वारा गठित उच्चस्तरीय परीक्षा सुधार कार्यबल को विभिन्न राज्यों की ओर से ये सुझाव दिए गए हैं। इन्फोसिस के सह-संस्थापक नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता वाली छह सदस्यीय समिति नीट-यूजी की मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा कर रही है। समिति का उद्देश्य परीक्षा को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और विद्यार्थियों के लिए सुविधाजनक बनाना है।
कंप्यूटर आधारित परीक्षा पर भी विचार
नीट-यूजी को पेन-पेपर मोड के बजाय कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) में बदलने का सुझाव भी दिया गया है। कुछ राज्यों ने शुरुआत में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प उपलब्ध कराने की बात कही है, ताकि विद्यार्थियों को नई व्यवस्था अपनाने में परेशानी न हो।
इसके अलावा प्रत्येक जिले में कम से कम एक परीक्षा केंद्र बनाने का सुझाव दिया गया है। इससे विद्यार्थियों को परीक्षा देने के लिए दूसरे शहरों में जाने की जरूरत कम पड़ेगी।
पेपर लीक रोकने के लिए तकनीक का सहारा
परीक्षा में गड़बड़ियों और पेपर लीक की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रश्नों का सुरक्षित डिजिटल बैंक तैयार करने का प्रस्ताव भी है। इसके तहत प्रश्नों का बड़ा संग्रह बनाया जाएगा और परीक्षा से ठीक पहले डिजिटल माध्यम से प्रश्नपत्र केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है।
समिति को छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों की ओर से 50 हजार से अधिक सुझाव प्राप्त हुए हैं। समिति अपनी रिपोर्ट जनवरी 2027 तक सौंप सकती है।
हालांकि, नीट-यूजी में साल में एक से अधिक बार परीक्षा कराने और 12वीं के अंकों को वेटेज देने जैसे प्रस्तावों पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। सरकार की मंजूरी के बाद ही नई व्यवस्था लागू होने की स्थिति स्पष्ट होगी।





