देहरादून। उत्तराखंड में मंगलवार सुबह एक के बाद एक हुए भीषण सड़क हादसों ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग और अन्य क्षेत्रों में हुए हादसों में कई लोगों की जान चली गई, जबकि बड़ी संख्या में यात्री घायल हो गए। इन घटनाओं पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। तीनों नेताओं ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टिहरी गढ़वाल जिले में हुए हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जनहानि की खबर से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
सीएम धामी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर, रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ क्षेत्र और टिहरी गढ़वाल की दोगी पट्टी के बांसकाटल में हुए सड़क हादसों पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही हादसों से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता दी जाए। गूलर घाटी में हरिद्वार से जोशीमठ जा रही यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। घायलों को ऋषिकेश एम्स और अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारणों की जांच के भी निर्देश दिए गए हैं।
राहुल गांधी ने भी जताई संवेदना
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने टिहरी गढ़वाल और बांसवाड़ा-मोहनखाल मार्ग पर हुए सड़क हादसों में लोगों की मौत और कई यात्रियों के घायल होने पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
प्रदेश में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने पहाड़ी मार्गों पर यातायात सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन और बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हैं।





