Top 5 This Week

Related Posts

एक्ट ईस्ट नीति से भारत-आसियान संबंधों को मिली नई मजबूती, पीएम मोदी ने शांति और सहयोग पर दिया जोर

मनीला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के बीच बढ़ते सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि भारत की ‘एक्ट ईस्ट नीति’ ने पिछले कुछ वर्षों में भारत-आसियान संबंधों को नई गति और गहराई प्रदान की है। दोनों पक्षों की साझेदारी अब साझा संस्कृति और विरासत से आगे बढ़कर डिजिटल तकनीक, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे आधुनिक क्षेत्रों तक पहुंच गई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दुनिया ने लगातार कई संकटों का सामना किया है। ऐसे समय में वैश्विक समुदाय को सबसे अधिक शांति, स्थिरता और भरोसेमंद माहौल की जरूरत है। इस वर्ष सम्मेलन की थीम ‘नेविगेटिंग आवर फ्यूचर टुगेदर’ (मिलकर अपने भविष्य की दिशा तय करना) इसी दृष्टिकोण को दर्शाती है।

100 से अधिक पहल और 250 परियोजनाएं शुरू

पीएम मोदी ने बताया कि वर्ष 2014 से भारत और आसियान देशों ने लोगों के बीच संपर्क मजबूत करने के लिए 100 से अधिक पहल की हैं। इसके अलावा करीब 250 त्वरित प्रभाव वाली परियोजनाएं शुरू की गई हैं और कौशल विकास के लिए 10 हजार से अधिक छात्रवृत्तियां प्रदान की गई हैं। भारत और आसियान के नौ देशों के बीच सीधी उड़ानें तथा पर्यटन में बढ़ोतरी भी मजबूत होते संबंधों का प्रमाण हैं।

प्रतिस्पर्धा नहीं, सहयोग से बनेगा भविष्य

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और आसियान मिलकर दुनिया की लगभग एक चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में दोनों पक्षों का भविष्य प्रतिस्पर्धा के बजाय सहयोग के आधार पर तय होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत का विकास और आसियान की समृद्धि एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हैं। आसियान कम्युनिटी विजन 2045 और विकसित भारत 2047 साझा लक्ष्यों को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने आसियान की एकता और क्षेत्रीय भूमिका के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराते हुए विश्वास जताया कि शिखर सम्मेलन व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और सुरक्षित, समावेशी तथा समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण में मदद करेगा।

प्रधानमंत्री ने सम्मेलन के बाद 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लिया, जहां क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों, शांति तथा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

Popular Articles