नई दिल्ली। देश की प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं NEET और JEE के परीक्षा ढांचे में बड़े बदलाव का प्रस्ताव सामने आया है। प्रस्ताव के अनुसार अब प्रवेश प्रक्रिया में 12वीं बोर्ड परीक्षा के अंकों को लगभग 50 प्रतिशत तक वेटेज देने पर विचार किया जा रहा है।
शिक्षा मंत्रालय से जुड़े एक पैनल द्वारा यह सुझाव दिया गया है, जिसका उद्देश्य एकल प्रवेश परीक्षा पर बढ़ते दबाव को कम करना और बोर्ड परीक्षा को भी समान महत्व देना है। इस बदलाव के लागू होने पर मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश प्रक्रिया में बोर्ड और एंट्रेंस दोनों के अंकों को मिलाकर मेरिट तैयार की जा सकती है।
प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि प्रवेश परीक्षाओं को स्कूल सिलेबस के और करीब लाया जाए ताकि कोचिंग पर निर्भरता कम हो सके। इसके साथ ही परीक्षा प्रणाली को अधिक संतुलित और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया गया है।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह कदम परीक्षा प्रणाली में सुधार और छात्रों पर दबाव कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण हो सकता है, हालांकि इस पर अंतिम निर्णय सरकार द्वारा लिया जाएगा।
फिलहाल यह केवल एक प्रस्ताव है और इसे लागू करने को लेकर अंतिम घोषणा अभी नहीं की गई है।
Top of Form





