नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान स्थित आईएसआई समर्थित शाहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 200 से अधिक आरोपितों को गिरफ्तार किया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि विभिन्न राज्यों में समन्वित अभियान चलाकर आतंकी नेटवर्क की साजिश को नाकाम किया गया।
अमित शाह के अनुसार, सुरक्षा बलों ने 14 राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की। इस दौरान नेटवर्क से जुड़े लोगों को गिरफ्तार करने के साथ बड़ी मात्रा में हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। इनमें आईईडी, पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री की मार्किंग वाले ग्रेनेड, पिस्तौल, जिंदा कारतूस और कथित तौर पर जासूसी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले सीसीटीवी कैमरे शामिल हैं।
रिपोर्टों के मुताबिक, अभियान में कुल 253 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि 80 से अधिक एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। कार्रवाई उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में की गई। अकेले उत्तर प्रदेश में 62, हरियाणा में 52, दिल्ली में 51 और पंजाब में 44 लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी गई है।
गृह मंत्री ने कहा कि नेटवर्क स्वतंत्रता दिवस के आसपास देश में हिंसक और विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी में था। सुरक्षा एजेंसियों की समय रहते की गई कार्रवाई से इन योजनाओं को विफल कर दिया गया। उन्होंने अभियान को आतंकवाद के प्रति सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का उदाहरण बताया।
सुरक्षा एजेंसियां अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर नेटवर्क के वित्तीय स्रोत, पाकिस्तान स्थित हैंडलरों और देश में सक्रिय स्थानीय सहयोगियों के संबंधों की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का फोकस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों और संभावित ठिकानों की पहचान पर भी है।





