Top 5 This Week

Related Posts

E20 पेट्रोल पर राहुल गांधी का सरकार पर हमला, बोले- ‘दाल में कुछ काला नहीं, पूरी दाल ही काली है’

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने E20 पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से आम लोगों की गाड़ियों को नुकसान हो रहा है और सरकार इस मुद्दे पर जनता को जवाब दे।

राहुल गांधी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए E20 को बड़ा मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जल्द ही इस विषय को प्रमुखता से उठाएगी। राहुल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह मामला केवल ‘दाल में कुछ काला’ होने का नहीं, बल्कि ‘पूरी दाल ही काली’ होने का है। उन्होंने E20 नीति को लेकर भ्रष्टाचार के भी आरोप लगाए और कहा कि इस संबंध में आगे एक लंबी सूची सामने आएगी।

गाड़ियों को नुकसान का आरोप

राहुल गांधी ने दावा किया कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से लोगों की कारों और स्कूटरों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को कांग्रेस जनता के बीच लेकर जाएगी। E20 पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल और 80 प्रतिशत पेट्रोल होता है। देश में इसके इस्तेमाल का विस्तार अप्रैल 2026 में किया गया था। सरकार का तर्क है कि एथेनॉल मिश्रण से कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करने, उत्सर्जन घटाने और घरेलू एथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

सरकार कर चुकी है दावों का खंडन

E20 को लेकर सरकार पहले ही कह चुकी है कि इसके इस्तेमाल से E20-अनुकूल वाहनों में व्यापक स्तर पर इंजन संबंधी समस्याओं के प्रमाण नहीं मिले हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आलोचकों से ऐसे वाहनों की जानकारी देने को कहा था, जिन्हें E20 के कारण नुकसान हुआ हो। सरकार का कहना है कि E20 लागू करने से पहले वाहनों पर प्रयोगशाला परीक्षण, टिकाऊपन परीक्षण और फील्ड वैलिडेशन किए गए थे।

E20 पेट्रोल को लेकर विपक्ष और सरकार के बीच राजनीतिक बहस लगातार तेज हो रही है। राहुल गांधी के ताजा बयान से संकेत है कि कांग्रेस आने वाले दिनों में इस मुद्दे को आम उपभोक्ताओं से जोड़कर सरकार के खिलाफ अभियान का हिस्सा बना सकती है।

Popular Articles