Top 5 This Week

Related Posts

CJI विवाद में बार काउंसिल के चेयरमैन के इस्तीफे की मांग, आज ‘लीगल कॉकरोच’ करेंगे प्रदर्शन

नई दिल्ली। नालसार यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ, हैदराबाद के छात्रों के नामांकन को लेकर हुए विवाद ने अब बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ऑल इंडिया यंग एडवोकेट्स एसोसिएशन (AIYAA) ने BCI चेयरमैन के इस्तीफे की मांग को लेकर गुरुवार को प्रदर्शन का आह्वान किया है। प्रदर्शन सुबह 10 बजे नई दिल्ली स्थित BCI कार्यालय के बाहर प्रस्तावित है। 

विवाद की शुरुआत BCI के उस निर्देश से हुई, जिसमें नालसार के 2026 बैच के कानून स्नातकों के नामांकन पर रोक लगाने की बात कही गई थी। यह कार्रवाई उस विवाद के बीच सामने आई थी, जिसमें विश्वविद्यालय के कुछ छात्रों की ओर से भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत को दी गई दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि बनने के निमंत्रण का विरोध किए जाने की बात सामने आई थी। बाद में BCI ने अपना निर्देश वापस ले लिया।

इस मामले ने सुप्रीम कोर्ट में भी प्रतिक्रिया पैदा की। CJI सूर्यकांत ने BCI के हस्तक्षेप पर सवाल उठाते हुए कहा था कि छात्रों और उनके बीच के मामले में किसी अन्य संस्था को दखल नहीं देना चाहिए। इसके बाद BCI की कार्रवाई को लेकर कानूनी बिरादरी में भी बहस तेज हो गई।

AIYAA के प्रदर्शन को कॉकroach जनता पार्टी (CJP) ने भी समर्थन दिया है। CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि ‘लीगल कॉकरोच’ एकजुट हो गए हैं और BCI चेयरमैन के इस्तीफे की मांग करेंगे। इसी भाषा को लेकर गुरुवार के प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज है।

उधर, बॉम्बे बार एसोसिएशन ने भी BCI चेयरमैन की भूमिका की आलोचना की है और नालसार मामले में उनके इस्तीफे की मांग की है। एसोसिएशन ने बाद में दी गई माफी को भी पर्याप्त नहीं माना।

नालसार प्रकरण के बाद BCI की कार्यप्रणाली, छात्रों के अधिकार और बार काउंसिल की शक्तियों को लेकर बहस और तेज हो गई है। गुरुवार को होने वाला प्रदर्शन इस विवाद को लेकर वकीलों और युवा अधिवक्ताओं के असंतोष को सामने लाने वाला महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

 

Popular Articles