रुद्रपुर। आरटीओ चालान के नाम पर व्हाट्सऐप पर आए एक लिंक को खोलना युवक को भारी पड़ गया। लिंक खोलते ही साईबर ठगों ने उसके बैंक खाते पर सेंध लगाते हुए कुछ ही देर में 1.10 लाख रुपये निकाल लिए। पुलिस के मुताबिक
कस्तूरी वाटिका फेस-2, बगवाड़ा रोड निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को बताया कि 10 अगस्त की रात उनके व्हाट्सएप नंबर पर आरटीओ चालान के नाम से एक लिंक आया था।
चालान समझकर उन्होंने लिंक खोल दिया। इसके बाद उन्हें साईबर ठगी का अंदेशा तक नहीं हुआ। 11 अगस्त की शाम उनके बैंक खाते से 1.10 लाख रुपये निकाल लिए गए। 12 अगस्त को जब उन्होंने खाते का बैलेंस चेक किया तो रकम गायब मिली। उन्होंने तत्काल साईबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। बताया कि उसने किसी अनजान व्यक्ति को रकम देने की अनुमति नहीं दी थी।
सीओ विभव सैनी ने बताया कि अज्ञात पर धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की विवेचना साईबर सेल कर रही है।





