ब्रसेल्स। यूरोपीय संघ ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित चैटबॉट ChatGPT पर डिजिटल निगरानी बढ़ा दी है। यूरोपीय आयोग ने इसे ‘वेरी लार्ज ऑनलाइन सर्च इंजन’ (VLOSE) की श्रेणी में रखा है। यह कदम यूरोपीय संघ के डिजिटल सर्विसेज एक्ट (DSA) के तहत उठाया गया है। इसके साथ ही Reddit और Roblox को भी ‘वेरी लार्ज ऑनलाइन प्लेटफॉर्म’ की श्रेणी में शामिल किया गया है।
यूरोपीय आयोग के अनुसार, इन सेवाओं ने बताया है कि यूरोपीय संघ में उनके औसत मासिक उपयोगकर्ताओं की संख्या 4.5 करोड़ से अधिक है। इसी आधार पर इन्हें DSA के तहत बड़ी डिजिटल सेवाओं की श्रेणी में रखा गया है। नए दर्जे के बाद कंपनियों को अतिरिक्त डिजिटल सुरक्षा नियमों का पालन करना होगा।
ChatGPT, Reddit और Roblox को नई जिम्मेदारियों का पालन करने के लिए चार महीने यानी नवंबर 2026 के अंत तक का समय दिया गया है। इसके तहत कंपनियों को अपनी सेवाओं और एल्गोरिदम से जुड़े संभावित प्रणालीगत जोखिमों का आकलन करना होगा और उन्हें कम करने के उपाय करने होंगे।
नियमों में अवैध सामग्री के प्रसार को रोकना, बच्चों और नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा यूजर्स के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों को कम करना शामिल है। इसके अलावा मौलिक अधिकारों, चुनावी प्रक्रियाओं और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े जोखिमों पर भी कंपनियों को विशेष ध्यान देना होगा।
यूरोपीय आयोग ने ChatGPT को केवल AI चैटबॉट के रूप में नहीं, बल्कि ऑनलाइन सर्च इंजन की श्रेणी में रखा है। आयोग के अनुसार इंटरनेट से लाइव जानकारी हासिल करने और यूजर्स को सीधे परिणाम उपलब्ध कराने की इसकी क्षमता इसे DSA के तहत इस श्रेणी में रखने का आधार बनी है।
नई व्यवस्था के तहत यूरोपीय आयोग इन सेवाओं की DSA अनुपालन प्रक्रिया की निगरानी कर सकेगा। जरूरत पड़ने पर आयोग को सेवाओं के पीछे काम करने वाली तकनीकी प्रणालियों और कार्यप्रणाली की जांच करने के अधिकार भी होंगे। नियमों का उल्लंघन करने पर कंपनियों पर कड़ी कार्रवाई और भारी जुर्माने का प्रावधान है।
यूरोपीय संघ का यह कदम AI और बड़ी डिजिटल कंपनियों पर जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे आने वाले समय में ChatGPT जैसी AI सेवाओं के संचालन और यूजर सुरक्षा से जुड़े नियम और सख्त हो सकते हैं।





