नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) से इस्तीफा देने के बाद पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला अब मनोरंजन की दुनिया में नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। वह Prime Video के रियलिटी शो ‘Rise & Fall’ सीजन-2 में बतौर प्रतियोगी नजर आएंगे। शो के नए प्रोमो के सामने आने के बाद उनकी एंट्री की पुष्टि हुई है।
पूनावाला ने इसी साल अगस्त में भाजपा से इस्तीफा दिया था। उन्होंने कहा था कि लंबे विचार-विमर्श के बाद उन्होंने यह फैसला लिया है और निजी तथा आर्थिक परिस्थितियों के कारण अब वह निजी क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि जहां संभव होगा, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के विजन व काम का समर्थन जारी रखेंगे।
26 सितंबर से शुरू होगा शो
‘Rise & Fall’ का दूसरा सीजन 26 सितंबर 2026 से शुरू होगा। शो को पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग होस्ट करेंगे। यह सीजन 42 दिनों तक चलेगा और इसमें कुल 15 प्रतियोगियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। शो में प्रतिभागियों को ‘Rulers’ और ‘Workers’ के समूहों में बांटा जाता है, जहां परिस्थितियों और फैसलों के साथ उनकी स्थिति बदल सकती है।
पूनावाला के अलावा अभिनेत्री स्वरा भास्कर, टीवी अभिनेता करण पटेल और रियलिटी टीवी कलाकार प्रियंका चाहर चौधरी भी दूसरे सीजन में शामिल होंगी। बाकी प्रतियोगियों के नाम बाद में सामने आने की बात कही गई है।
पूनावाला ने कहा- नई शुरुआत का मौका
शो में शामिल होने पर पूनावाला ने अपनी जिंदगी के उतार-चढ़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि शो का नाम उनकी यात्रा से जुड़ा हुआ लगता है। उन्होंने इसे एक अध्याय के खत्म होने के बाद नए अध्याय की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि शो में अलग-अलग सोच रखने वाले लोगों के साथ रणनीति बनाने और परिस्थितियों के अनुसार फैसले लेने का अवसर मिलेगा।
शो का प्रसारण Prime Video और MX Player के एंड्रॉयड ऐप पर 26 सितंबर से रोजाना दोपहर 12 बजे किया जाएगा।





