Top 5 This Week

Related Posts

महिला आरक्षण पर पीएम मोदी का बड़ा संदेश, बोले- नारी शक्ति से किया वादा हर हाल में पूरा करेंगे

नई दिल्ली। संसद के आगामी विशेष सत्र से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने कहा कि सरकार देश की नारी शक्ति से किया गया वादा पूरा करने के लिए पूरी तरह संकल्पबद्ध है। महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर किया जाएगा और महिलाओं को संसद तथा राज्य विधानसभाओं में उचित प्रतिनिधित्व दिलाया जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो संदेश साझा किया। इसमें उन्होंने कहा कि नारी शक्ति को सशक्त बनाने का सरकार का संकल्प अटल है। उन्होंने देश की महिलाओं को भरोसा दिलाया कि महिला आरक्षण लागू करने में आने वाली सभी रुकावटों को दूर किया जाएगा।

पीएम मोदी ने कहा कि महिला राजनीतिक प्रतिनिधित्व की लड़ाई कई दशकों से चल रही है। देश की अनेक महिलाओं ने पत्रों और व्यक्तिगत मुलाकातों के माध्यम से इस मांग को उनके सामने रखा है। सरकार महिलाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

विपक्ष पर भी साधा निशाना

प्रधानमंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाले दल देश की महिलाओं को संसद और विधानसभा में अधिक भागीदारी मिलने से नहीं रोक पाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प मजबूत है और यह केवल समय की बात है।

33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की तैयारी

गौरतलब है कि केंद्र सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में नए सिरे से पहल कर रही है। इसके लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल ने तीन संशोधित विधेयकों के मसौदों को मंजूरी दी है। इनमें संविधान का 132वां संशोधन विधेयक और परिसीमन से संबंधित विधेयक शामिल हैं। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने और राज्यों में विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाने की योजना है।

30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र

संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर को होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से प्रस्तावित है। सरकार इस सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधायी प्रस्तावों को आगे बढ़ाने की तैयारी में है।

महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने के सरकार के प्रस्ताव पर विपक्षी दलों ने सवाल उठाए हैं। ऐसे में विशेष सत्र के दौरान इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।

Popular Articles