नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के विभाजन की अटकलों पर विराम लगाने के लिए केंद्र सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। लोकसभा और राज्य विधानसभा क्षेत्रों के परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक में विशेष प्रावधान किया जाएगा। इसके तहत राज्य विधानसभाओं में अधिकतम 500 सीटों की सीमा को बढ़ाकर 650 करने की तैयारी है। इस बदलाव का सबसे बड़ा लाभ उत्तर प्रदेश को मिलेगा, जहां परिसीमन के बाद विधायकों की संख्या 600 के पार पहुंच सकती है।
दरअसल, संविधान के अनुच्छेद 170 और 333 के प्रावधानों के तहत राज्य विधानसभाओं में अधिकतम 500 सीटों की सीमा निर्धारित है। उत्तर प्रदेश विधानसभा में फिलहाल 403 सीटें हैं। प्रस्तावित परिसीमन के तहत सभी राज्यों की विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि की योजना है। ऐसे में यूपी में विधायकों की संख्या बढ़कर 605 हो जाएगी। मौजूदा सीमा के कारण इस वृद्धि में कानूनी अड़चन आ सकती थी। इसी को देखते हुए केंद्र सरकार विशेष संवैधानिक प्रावधान लाने की तैयारी कर रही है।
यूपी में होंगे 120 लोकसभा सांसद
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, केंद्र सरकार किसी भी परिस्थिति में उत्तर प्रदेश का विभाजन नहीं चाहती। इसी उद्देश्य से राज्य को 500 सीटों की अधिकतम सीमा से बाहर रखने की व्यवस्था की जाएगी। परिसीमन के बाद उत्तर प्रदेश में 605 विधायक और लोकसभा की 120 सीटें होने का अनुमान है। इस तरह यूपी देश का एकमात्र ऐसा राज्य बन सकता है, जहां विधानसभा में 600 से अधिक सदस्य होंगे।
तीन विधेयक लाने की तैयारी
केंद्र सरकार संसद में तीन विधेयक लाने की तैयारी कर रही है। इनमें दो संविधान संशोधन विधेयक होंगे, जिनका उद्देश्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना है। तीसरे विधेयक में सभी राज्यों की विधानसभा और लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान होगा।
प्रस्तावित संशोधन के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या भी बढ़ाकर 850 करने की योजना है। इसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य शामिल होंगे।
सीटों में प्रस्तावित वृद्धि के कारण कई राज्यों की विधानसभाओं में बैठने की जगह की समस्या भी सामने आ सकती है। ऐसे में भविष्य में विधानसभा भवनों के विस्तार या नए भवनों की आवश्यकता पड़ सकती है।





