नई दिल्ली। तमिलनाडु की सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का औपचारिक रूप से समर्थन करने का फैसला किया है। पार्टी प्रमुख एमके स्टालिन ने संशोधित विधेयक को तमिलनाडु के हितों की बड़ी जीत बताया है। यह निर्णय 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र से पहले चेन्नई में स्टालिन की अध्यक्षता में हुई डीएमके सांसदों की बैठक में लिया गया।
डीएमके ने स्पष्ट किया कि वह विधेयक का समर्थन करेगी, लेकिन लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा हिस्सेदारी की रक्षा के अपने रुख पर कायम रहेगी। पार्टी के अनुसार, संशोधित प्रस्ताव में सभी राज्यों में लोकसभा और विधानसभा की सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी बरकरार रखने की बात कही गई है।
दरअसल, डीएमके ने परिसीमन विधेयक के पहले प्रस्ताव का विरोध किया था। पार्टी का तर्क था कि हालिया जनसंख्या आंकड़ों के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण करने से दक्षिण भारतीय राज्यों की संसदीय हिस्सेदारी कम हो सकती है, जबकि उत्तरी राज्यों को अधिक लाभ मिल सकता है।
25 वर्षों तक सुरक्षित रहेंगे राज्य के हित
स्टालिन ने कहा कि संशोधित प्रस्ताव से तमिलनाडु के राजनीतिक प्रतिनिधित्व की अगले 25 वर्षों तक सुरक्षा सुनिश्चित होगी। साथ ही महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता भी साफ होगा। डीएमके ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रस्ताव साझा करते हुए कहा कि पार्टी तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
डीएमके के उपमहासचिव और सांसद ए. राजा ने कहा कि पार्टी ने लोकसभा में तमिलनाडु की 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी बनाए रखने के सिद्धांत पर यह फैसला लिया है। उन्होंने बताया कि पार्टी 59 सीटों के आंकड़े पर सहमत हुई है और जरूरत पड़ने पर विधेयक में संशोधन का अधिकार भी सुरक्षित रखा गया है।
वहीं, सांसद दयानिधि मारन ने कहा कि सभी राज्यों में सीटों की समान वृद्धि से किसी भी राज्य को असमान रूप से फायदा या नुकसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि दक्षिणी राज्यों के अधिकारों की रक्षा करना पार्टी की प्राथमिकता है।
केंद्र सरकार महिला आरक्षण को लागू करने के उद्देश्य से परिसीमन की प्रक्रिया आगे बढ़ाना चाहती है। ऐसे में डीएमके का समर्थन संसद में प्रस्तावित विधेयक को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





