देहरादून। उत्तराखंड की हजारों आशा कार्यकर्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में 1700 रुपये की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इस फैसले के बाद अब उन्हें हर महीने 8300 रुपये के बजाय 10 हजार रुपये मानदेय मिलेगा।
सरकार के इस निर्णय से प्रदेश की हजारों आशा कार्यकर्ताओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। आशा कार्यकर्ता ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग तथा आम जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करती हैं।
गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की देखभाल में अहम भूमिका
आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। गर्भवती महिलाओं की देखभाल, नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य, टीकाकरण और संस्थागत प्रसव के प्रति जागरूकता फैलाने जैसे कार्य उनकी जिम्मेदारियों में शामिल हैं। इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में भी उनका योगदान रहता है।
कैबिनेट की बैठक में 23 प्रस्तावों पर लगी मुहर
शुक्रवार को हुई धामी कैबिनेट की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसमें आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि के साथ कई अन्य महत्वपूर्ण फैसले भी शामिल हैं।
कैबिनेट ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी के संबंध में निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया है। इसके अलावा हरिद्वार में पर्सनल रैपिड ट्रांजिट (पीआरटी) कॉरिडोर के निर्माण, भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क में लगभग 25 प्रतिशत की कमी और वन भूमि पर वर्षों से बसे लोगों को राहत देने से जुड़े प्रस्तावों पर भी निर्णय लिया गया।
आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी को प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ी महिला कर्मियों के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





