देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शुक्रवार को तीन दिवसीय देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल (डीडीएलएफ)-2026 का भव्य आगाज हुआ। राजपुर रोड स्थित होटल में आयोजित उद्घाटन समारोह में अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और पुस्तक का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में महोत्सव के संस्थापक एवं फेस्टिवल डायरेक्टर डॉ. संजीव चोपड़ा सहित कई साहित्यकार और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
27 से 29 नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में साहित्य, सिनेमा, संगीत और कला जगत की कई बड़ी हस्तियां हिस्सा ले रही हैं। प्रसिद्ध संगीतकार एआर रहमान भी शुक्रवार को देहरादून पहुंच गए। एयरपोर्ट पर प्रशंसकों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
एआर रहमान और इम्तियाज अली के बीच होगा खास संवाद
इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘लाइफ, लिटरेचर, लेगेसी’ रखी गई है। इसके तहत जीवन के अनुभवों, साहित्यिक विरासत और रचनात्मकता के सामाजिक प्रभाव पर चर्चा होगी। महोत्सव का प्रमुख आकर्षण संगीतकार एआर रहमान और फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली के बीच विशेष संवाद रहेगा। इसमें संगीत, सिनेमा और कहानी कहने की कला के आपसी संबंधों पर विचार साझा किए जाएंगे।
इसके अलावा संगीतकार विशाल भारद्वाज, गायिका रेखा भारद्वाज, अभिनेत्री शबाना आजमी, रत्ना पाठक शाह और अभिनेता राज बब्बर भी विभिन्न सत्रों में शामिल होंगे।
रस्किन बॉन्ड की पुस्तक के 70 वर्ष पूरे होने पर विशेष आयोजन
महोत्सव में प्रसिद्ध लेखक रस्किन बॉन्ड के उपन्यास ‘द रूम ऑन द रूफ’ के प्रकाशन के 70 वर्ष पूरे होने पर विशेष चित्रांकित संस्करण जारी किया जाएगा। साथ ही साहित्य और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
इस दौरान वरिष्ठ लेखिका ममता कालिया को शिवानी-आयरन लेडी ऑफ द हिल्स सम्मान और पर्यावरण संरक्षण के लिए पीपल बाबा को गार्डियंस ऑफ द हिमालयाज सम्मान प्रदान किया जाएगा।
सामाजिक सरोकारों को भी मिलेगी जगह
महोत्सव में साहित्य और कला के साथ सामाजिक विषयों पर भी विशेष चर्चा होगी। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से कलाकारों की ओर से विशेष पहल भी शुरू की जा रही है। तीन दिवसीय आयोजन में पुस्तक विमोचन, परिचर्चा, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।





