देहरादून। राजधानी देहरादून के विजय कॉलोनी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 5.36 करोड़ रुपये की लागत से दो लेन का नया पुल बनाया जाएगा। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या-11 में न्यू कैंट रोड पर बनने वाले इस पुल का शिलान्यास किया।
राज्य योजना के तहत बनने वाले इस पुल की लंबाई 30 मीटर होगी। इसके निर्माण पर कुल 536.10 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। पुल बनने से विजय कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होने और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
सड़कों के पुनर्निर्माण पर भी खर्च होंगे 2.27 करोड़
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को मजबूत करने के लिए मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के माध्यम से 1.32 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत लगभग 95 लाख रुपये की लागत से सड़कों का पुनर्निर्माण कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग के माध्यम से भी क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण के प्रस्ताव भेजे गए हैं। इसके अलावा सामुदायिक भवनों का निर्माण भी कराया जा रहा है।
गुणवत्ता और समयसीमा का रखें ध्यान
मंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क और पुल जैसी बुनियादी सुविधाओं का विकास सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास कार्यों को तेजी से धरातल पर उतार रही है।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुल निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा किया जाए।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, उपाध्यक्ष संजय नौटियाल, पार्षद भूपेंद्र कठैत, कैप्टन सुख बहादुर गुरुंग (सेवानिवृत्त) और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बीएन द्विवेदी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।





