Top 5 This Week

Related Posts

पहाड़ में चरस का जखीरा, एस टीएफ के शिकंजे में तस्कर! 25 लाख की खेप लेकर बरेली पहुंचने से पहले दबोचा

हल्द्वानी/लोहाघाट। पहाड़ों में चरस का अवैध कारोबार किस कदर फैल रहा है, इसकी एक और तस्वीर एस टी एफ की कार्रवाई में सामने आई है। लोहाघाट क्षेत्र से चरस जुटाकर उत्तर प्रदेश के बरेली में खपाने निकला एक कथित तस्कर रास्ते में ही एसटी एफ और लोहाघाट पुलिस के जाल में फंस गया। संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4 किलो 100 ग्राम चरस बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार नहीं, बल्कि अनुमानित स्थानीय बाजार मूल्य करीब 25 लाख रुपये आंका गया है। अब एसटीएफ यह पता लगाने में जुटी है कि पहाड़ से नशे की यह खेप कहां से जुटाई गई और इसके पीछे तस्करों का कितना बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।

एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट और लोहाघाट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए आरोपी की पहचान सुरेश सिंह तिसल्ला पुत्र दान सिंह तिसल्ला, निवासी खतेड़ा मल्ला, थाना पंचेश्वर, जिला चम्पावत के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लोहाघाट क्षेत्र से चरस एकत्रित कर बरेली में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जा रहा था।

पुलिस के लिए अब केवल आरोपी की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि चरस की सप्लाई के स्रोत तक पहुंचना भी बड़ी चुनौती है। एसटीएफ आरोपी से पूछताछ कर रही है। उसके बैकवर्ड लिंकेज यानी चरस उपलब्ध कराने वालों और फॉरवर्ड लिंकेज यानी आगे खरीदने व बेचने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच का मकसद इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य चेहरों को भी बेनकाब करना है।

नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट के उपनिरीक्षक विनोद चंद्र जोशी, उपनिरीक्षक जगदीप नेगी, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार अहमद शामिल रहे। वहीं लोहाघाट पुलिस टीम में थानाध्यक्ष ओमप्रकाश, उपनिरीक्षक कुंदन बोरा, कास्टेबल, पवन भट्ट, कुलदीप और संजय साहनी ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम लोगों से भी नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है। अब जांच के दौरान सामने आने वाली कड़ियां बताएंगी कि 25 लाख की यह खेप महज एक तस्कर का खेल थी या इसके पीछे पहाड़ से मैदान तक फैला बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।

Popular Articles