Top 5 This Week

Related Posts

ONGC में नौकरी दिलाने के नाम पर तीन लोगों से 36.27 लाख की ठगी, सीएम कार्यालय में ऊंची पहुंच का दिया झांसा

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ONGC) में लिपिक पद पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर तीन लोगों से कुल 36 लाख 27 हजार रुपये हड़प लिए। आरोप है कि महिला ने खुद को आयुष विभाग में कार्यरत बताते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी बनने और केंद्र सरकार में ऊंची पहुंच होने का दावा किया था। पीड़ित की शिकायत पर नेहरू कॉलोनी थाने में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

बैकडोर से नियुक्ति कराने का दिया भरोसा

ऋषिकेश निवासी राजे सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 जुलाई 2022 को एक परिचित के माध्यम से उनकी मुलाकात जोगीवाला निवासी रविकांता शर्मा से हुई थी। महिला ने खुद को आयुष विभाग में कार्यरत बताया और कहा कि वह प्रतिनियुक्ति पर मुख्यमंत्री कार्यालय में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी बनने जा रही है। उसने अपने पति नरेंद्र प्रकाश शर्मा और पुत्र की केंद्र सरकार में अच्छी पकड़ होने की बात भी कही।

महिला ने राजेंद्र सिंह, रोहित रावत और अरुण उनियाल को ओएनजीसी में लिपिक पद पर बैकडोर से नियुक्ति दिलाने का भरोसा दिया। इसके एवज में राजेंद्र सिंह से 11 लाख पांच हजार रुपये, रोहित रावत से सात लाख रुपये और अरुण उनियाल से 13 लाख 22 हजार रुपये लिए गए। इस तरह कुल 31 लाख 27 हजार रुपये दिए गए। आरोपियों ने तीनों के शैक्षणिक दस्तावेज भी अपने पास रख लिए।

ज्वाइनिंग के नाम पर ओएनजीसी गेट तक लगवाए चक्कर

शिकायत के अनुसार, महिला ने विनय भट्ट नाम के व्यक्ति से मुलाकात कराई और बताया कि वही ओएनजीसी में नियुक्ति संबंधी प्रक्रिया पूरी करवाएगा। आरोपियों ने 26 जुलाई 2023 से ज्वाइनिंग कराने का भरोसा दिया। इसके बाद पीड़ितों को कई बार विनय भट्ट के साथ ओएनजीसी के गेट तक ले जाया गया, लेकिन हर बार अधिकारी के मौजूद नहीं होने की बात कहकर वापस भेज दिया गया।

रकम लौटाने के लिए दिए चेक भी हुए बाउंस

लंबे समय तक नौकरी नहीं मिलने पर पीड़ितों ने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि इस पर उन्हें अलग-अलग बैंकों के चेक दिए गए, लेकिन खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण चेक बाउंस हो गए। करीब तीन साल तक रकम वापस पाने के लिए प्रयास करने के बाद राजे सिंह ने पुलिस से शिकायत की।

पुलिस ने रविकांता शर्मा, उनके पति नरेंद्र प्रकाश शर्मा और विनय भट्ट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Popular Articles