अबू धाबी। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के रास अल खैमाह में मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए। मृतकों में भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने पीड़ित परिवारों से संपर्क किया है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना रास अल खैमाह की अल वतन रोड पर हुई। यहां 41 यात्रियों को लेकर जा रही एक बस सड़क किनारे तकनीकी खराबी के कारण खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि शुरुआती तौर पर 11 लोगों की मौत हो गई। वहीं, अस्पताल में उपचार के दौरान दो अन्य घायलों ने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई। हादसे में घायल 14 लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
भारतीय दूतावास ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। दूतावास के अनुसार, दुर्घटना में भारतीय नागरिकों की भी जान गई है। हालांकि, मृत भारतीयों की सटीक संख्या की अभी पुष्टि नहीं हुई है। दूतावास स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और प्रभावित परिवारों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने में जुटा है।
भारतीय नागरिकों और उनके परिजनों की मदद के लिए दूतावास ने 24 घंटे सक्रिय टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 800-46342 जारी किया है।
फुजैरा हादसे में भी गई थी 14 लोगों की जान
गौरतलब है कि यूएई में कुछ दिन पहले फुजैरा में भी बड़ा सड़क हादसा हुआ था। 13 नवंबर को हुए इस हादसे में 23 वाहन आपस में टकरा गए थे। दुर्घटना में चार भारतीयों समेत 14 लोगों की मौत हुई थी, जबकि करीब 30 लोग घायल हुए थे। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने यूएई में यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।



