Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड के राष्ट्रीय खेल पदक विजेताओं की सरकारी नौकरी पर फंसा पेच, उम्र और शैक्षिक योग्यता बनी बाधा

देहरादून। उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया में अड़चन आ गई है। आउट ऑफ टर्न नियुक्ति के लिए आवेदन करने वाले खिलाड़ियों में कुछ निर्धारित आयु सीमा पूरी नहीं कर रहे हैं, जबकि कुछ शैक्षिक योग्यता के मानकों पर खरे नहीं उतर रहे हैं। ऐसे में खिलाड़ियों की नियुक्ति का मामला अब मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित समिति के पास जाएगा।

खेल विभाग के अनुसार, सरकारी नौकरी के लिए कुल 239 आवेदन प्राप्त हुए हैं। विभाग की ओर से आवेदन पत्रों और संबंधित दस्तावेजों की शुरुआती जांच पूरी कर ली गई है। अब सभी प्रकरणों को समिति के सामने रखा जाएगा। समिति ही तय करेगी कि किन परिस्थितियों में खिलाड़ियों को नियुक्ति दी जा सकती है और नियमों में छूट देने की कोई गुंजाइश है या नहीं।

17 साल के स्वर्ण पदक विजेता के सामने भी परेशानी

नियुक्ति प्रक्रिया में आयु सीमा सबसे बड़ी बाधा बनकर सामने आई है। राष्ट्रीय खेलों में 17 वर्ष के खिलाड़ी ने भी स्वर्ण पदक हासिल किया है, लेकिन पुलिस विभाग की सेवा नियमावली के अनुसार नियुक्ति के लिए न्यूनतम आयु 22 वर्ष निर्धारित है। वहीं, वन विभाग में वन आरक्षी और खेल विभाग में नियुक्ति के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष होनी चाहिए।

इस कारण कम उम्र के पदक विजेता खिलाड़ियों की नियुक्ति पर सवाल खड़े हो गए हैं।

पहले से नौकरी कर रहे 29 खिलाड़ी भी मांग रहे दूसरे विभागों में नियुक्ति

इस मामले में एक और पेच सामने आया है। 36वें और 37वें राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने के बाद 29 खिलाड़ियों को पहले ही सरकारी नौकरी मिल चुकी है। अब ये खिलाड़ी दूसरे विभागों में बेहतर या अपग्रेड पदों पर नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। इससे नियुक्ति प्रक्रिया और जटिल हो गई है।

समिति करेगी अंतिम निर्णय

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि पदक विजेता खिलाड़ियों को अब तक नौकरी नहीं मिलना चिंता का विषय है। कुछ खिलाड़ी 18 वर्ष से कम उम्र के हैं, जबकि कुछ पहले से सरकारी सेवा में हैं। इन सभी मामलों पर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित समिति निर्णय लेगी।

समिति की बैठक के बाद ही स्पष्ट होगा कि खिलाड़ियों को किस प्रकार नियुक्ति दी जाएगी। फिलहाल पदक विजेताओं को सरकारी नौकरी के लिए और इंतजार करना पड़ सकता है।

Popular Articles