Top 5 This Week

Related Posts

रेखा आर्या प्रकरण: गिरधारी लाल साहू पर कसेगा गैंगस्टर एक्ट का शिकंजा, 44 मुकदमों का रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े मामले में उनके पति गिरधारी लाल साहू की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। देहरादून पुलिस अब गिरधारी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने की तैयारी में जुट गई है। इसके लिए पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और वर्तमान मामले से जुड़े तथ्यों के आधार पर गैंगचार्ट तैयार कर रही है। प्रक्रिया पूरी होने और सक्षम स्तर से मंजूरी मिलने के बाद उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में अलग से प्राथमिकी दर्ज की जा सकती है।

पुलिस के अनुसार, गिरधारी लाल साहू के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में 44 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, दंगा, धोखाधड़ी, जमीन कब्जाने और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मामले शामिल बताए गए हैं। कुछ मामलों में उसे सजा हो चुकी है, जबकि कई मामले अदालतों में विचाराधीन हैं।

15 अक्टूबर को दर्ज हुई थी प्राथमिकी

दरअसल, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने 15 अक्टूबर को देहरादून के कैंट थाने में गिरधारी लाल साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में मारपीट, मानसिक उत्पीड़न, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल, धोखाधड़ी और जान से मारने की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

रेखा आर्या ने आरोप लगाया था कि गिरधारी ने कथित तौर पर उनके फर्जी हस्ताक्षर और जाली दस्तावेजों के माध्यम से उन्हें चार कंपनियों के निदेशक पद से हटाने की कोशिश की। मामले की जांच के लिए नौ सदस्यीय विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई थी।

झांसी से गिरफ्तार हुआ था गिरधारी

करीब तीन सप्ताह तक फरार रहने के बाद एसआईटी ने सात नवंबर को गिरधारी लाल साहू को झांसी से गिरफ्तार किया था। फिलहाल वह देहरादून जेल में न्यायिक हिरासत में बंद है। पुलिस मामले में कंपनी से जुड़े दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

गैंगचार्ट तैयार करने में जुटी पुलिस

पुलिस अब गिरधारी के पुराने मुकदमों का पूरा ब्योरा जुटाकर गैंगचार्ट तैयार कर रही है। इसमें उसके आपराधिक नेटवर्क, दर्ज मुकदमों और कथित गतिविधियों से जुड़े तथ्यों को शामिल किया जाएगा। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पुलिस विभिन्न पहलुओं पर काम कर रही है।

गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई को लेकर अंतिम निर्णय प्रक्रिया पूरी होने के बाद लिया जाएगा।

Popular Articles