Top 5 This Week

Related Posts

अमेरिकी बैंक जेपी मॉर्गन पर साइबर हमला, 16 हजार अमीर ग्राहकों का डेटा लीक; वीजा और मास्टरकार्ड भी निशाने पर

न्यूयॉर्क। अमेरिका के सबसे बड़े बैंकों में शामिल जेपी मॉर्गन चेस पर साइबर हमले का मामला सामने आया है। इस हमले में बैंक के करीब 16 हजार हाई-प्रोफाइल ग्राहकों की व्यक्तिगत जानकारी लीक होने का दावा किया गया है। साइबर अपराधियों ने सीधे बैंक के सिस्टम को निशाना बनाने के बजाय उसकी सेवाएं देने वाली थर्ड-पार्टी कंपनियों पर हमला किया। इस घटना में वीजा और मास्टरकार्ड से जुड़े कुछ ग्राहकों की जानकारी भी प्रभावित हुई है।

ईमेल और फोन नंबर हुए सार्वजनिक

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘n0n’ नाम के रैनसमवेयर समूह ने साइबर हमले की जिम्मेदारी ली है। समूह ने कथित तौर पर ग्राहकों से जुड़ा डेटा सार्वजनिक किया है। इसमें करीब 16 हजार जेपी मॉर्गन ग्राहकों के ईमेल पते, फोन नंबर और कुछ अन्य संपर्क संबंधी जानकारियां शामिल हैं। हालांकि, सार्वजनिक किए गए डेटा की पूरी प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

बताया जा रहा है कि लीक हुई जानकारी बैंक के विशेष ‘रिजर्व प्रोग्राम’ से जुड़े ग्राहकों की हो सकती है। यह कार्यक्रम बड़े निवेश और संपत्ति वाले ग्राहकों के लिए है।

वीजा और मास्टरकार्ड ने भी की पुष्टि

जेपी मॉर्गन ने स्वीकार किया है कि उसकी सेवाएं देने वाली कुछ बाहरी कंपनियां साइबर हमले का शिकार हुई हैं। शुरुआती जांच में मार्केटिंग से जुड़े डेटा तक अनधिकृत पहुंच की बात सामने आई है। बैंक ने स्पष्ट किया है कि उसकी बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं।

वीजा ने बताया कि उसका एक थर्ड-पार्टी सर्विस प्रोवाइडर एशिया-प्रशांत क्षेत्र में प्रभावित हुआ है। वहीं मास्टरकार्ड ने भी अपने कुछ ग्राहकों की सीमित गैर-भुगतान संबंधी जानकारी उजागर होने की पुष्टि की है।

बैंक खातों और कार्ड की जानकारी सुरक्षित

तीनों वित्तीय कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि ग्राहकों के क्रेडिट कार्ड नंबर, भुगतान संबंधी जानकारी और मुख्य वित्तीय डेटा से समझौता होने की जानकारी नहीं मिली है। मास्टरकार्ड के अनुसार प्रभावित डेटा के प्रसार को रोकने के लिए कदम उठाए गए हैं।

यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब इसी सप्ताह जेपी मॉर्गन की ऑनलाइन बैंकिंग सेवाओं में तकनीकी गड़बड़ी आई थी। हालांकि बैंक ने साफ किया है कि साइबर हमला और पहले हुई तकनीकी समस्या अलग-अलग घटनाएं हैं।

फिलहाल कंपनियां प्रभावित ग्राहकों की पहचान और डेटा लीक के वास्तविक दायरे का पता लगाने में जुटी हैं।

Popular Articles