नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा है कि अगर देश में कांग्रेस की सरकार होती तो भारत के प्रधानमंत्री भी दुनिया के तीन बड़े देशों के नेताओं के साथ एक ही मेज पर बैठे होते। राहुल गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की एक साथ बैठक की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा कर यह टिप्पणी की।
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी को ‘समझौता करने वाला प्रधानमंत्री’ बताते हुए कहा कि ऐसा प्रधानमंत्री कभी इस मेज पर नहीं बैठ सकता। उनका यह बयान चीन के शेनझेन में आयोजित तीनों देशों के नेताओं की G3 बैठक के संदर्भ में आया है।
शेनझेन में हुई तीन देशों के नेताओं की अहम बैठक
दरअसल, 19 नवंबर को चीन के शेनझेन में APEC शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिका, चीन और रूस के राष्ट्राध्यक्षों की अहम बैठक हुई। इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शामिल हुए। तीनों नेताओं की इस मुलाकात को G3 बैठक के रूप में चर्चा मिल रही है।
युद्ध और परमाणु हथियारों पर हुई चर्चा
बैठक में दुनिया में जारी युद्धों, परमाणु हथियारों के भंडार को कम करने और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक के बाद तीनों देशों ने ‘शांति की दिशा में रूस-चीन-अमेरिका के राष्ट्राध्यक्षों का घोषणापत्र’ भी अपनाया।
संयुक्त घोषणापत्र में संयुक्त राष्ट्र में सुधार, रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों के उत्पादन और आपूर्ति को बढ़ाने तथा परमाणु जोखिमों को कम करने जैसे मुद्दों पर मिलकर काम करने की सहमति जताई गई।
राहुल गांधी की इस टिप्पणी से देश में विदेश नीति और वैश्विक कूटनीति में भारत की भूमिका को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।





