लखनऊ/देहरादून। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच लंबे समय से चले आ रहे परिसंपत्तियों के बंटवारे से जुड़े विवादों को सुलझाने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। बैठक में दोनों राज्यों के बीच लंबित परिसंपत्ति विवादों के साथ सिंचाई विभाग से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री धामी के अनुसार, दोनों राज्यों के बीच आपसी सहयोग और बेहतर समन्वय से अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की परिसंपत्तियों से जुड़े विवादों का निस्तारण किया जा चुका है। शेष मामलों को भी जल्द आपसी सहमति से सुलझाने पर सहमति बनी है।
बनबसा बैराज और नहर की मरम्मत का मुद्दा उठा
बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इसके अलावा सिंचाई विभाग के अंतर्गत आने वाले पुराने और जर्जर पुलों की मरम्मत, मजबूतीकरण तथा जरूरत पड़ने पर पुनर्निर्माण की मांग की। इनमें झनकैया और सूखा पुल भी शामिल हैं।
धामी ने कहा कि इन परियोजनाओं का सीधा संबंध आम लोगों की सुरक्षा, सुगम आवागमन और किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने से है। इसलिए इन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना जरूरी है।
659.5 हेक्टेयर भूमि और सरकारी भवनों का हस्तांतरण भी एजेंडे में
बैठक में दोनों राज्यों के बीच भूमि और सरकारी भवनों के हस्तांतरण से जुड़े लंबित मामलों पर भी चर्चा हुई। इनमें कुल 659.5 हेक्टेयर भूमि तथा 609 सरकारी भवनों के हस्तांतरण की प्रक्रिया शामिल है। इसके अतिरिक्त सिंचाई व्यवस्था और जल संसाधनों से जुड़े मामलों को भी जल्द निपटाने पर जोर दिया गया।
शेष विवाद जल्द सुलझाने पर जोर
दोनों मुख्यमंत्रियों ने पूर्व में हुए समझौतों की प्रगति की समीक्षा की और लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर सहमति जताई। मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड के हितों से जुड़े मामलों में सहयोग और सकारात्मक पहल के लिए योगी आदित्यनाथ का आभार जताया।
बैठक में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज भी मौजूद रहे। दोनों राज्यों के बीच यह बातचीत राज्य गठन के बाद से लंबित संपत्ति विवादों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।





