Top 5 This Week

Related Posts

सोने में मिलाया जा रहा चीन का ‘रेनियम पाउडर’, 24 कैरेट की जांच में भी पास हो रहा मिलावटी गोल्ड; हॉलमार्किंग पर उठे सवाल 

नई दिल्ली। देश में सोने की शुद्धता को लेकर एक नया मिलावट घोटाला सामने आया है। चीन से मंगाए जा रहे रेनियम पाउडर का इस्तेमाल सोने का वजन बढ़ाने के लिए किए जाने का खुलासा हुआ है। हैरानी की बात यह है कि इस मिलावट के बावजूद सोना सामान्य जांच में 24 कैरेट तक शुद्ध पाया जा रहा है। इतना ही नहीं, कुछ मामलों में मिलावटी आभूषण हॉलमार्किंग सेंटर से भी प्रमाणित हो गए हैं। इससे देश की हॉलमार्किंग व्यवस्था और सोने की जांच करने वाली मशीनों की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

एक ग्राम पाउडर से बढ़ाया सोने का वजन

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चीन के शेनझेन में स्थित एक एजेंट ने दावा किया कि उसकी कंपनी रेनियम पाउडर बनाती है और भारत के कई शहरों में इसके डीलर मौजूद हैं। जांच के दौरान एक ग्राम रेनियम पाउडर को 7.83 ग्राम 24 कैरेट सोने में मिलाया गया। इससे मिश्रण का कुल वजन बढ़कर 8.83 ग्राम हो गया। दावा है कि सामान्य जांच में इस मिश्रण को 24 कैरेट सोना बताया गया।

इसके बाद इसमें दूसरी धातु मिलाकर 22 कैरेट का आभूषण तैयार किया गया। आभूषण को हॉलमार्किंग सेंटर से 22 कैरेट का प्रमाणपत्र भी मिल गया, जबकि जांच रिपोर्ट के मुताबिक इसमें वास्तविक सोने की मात्रा केवल 81.73 प्रतिशत थी। यानी इसकी शुद्धता लगभग 20 कैरेट के बराबर थी।

हॉलमार्किंग व्यवस्था पर उठे सवाल

इस खुलासे के बाद भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की ड्राफ्ट रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में 81 प्रतिशत पंजीकृत ज्वैलर्स का निरीक्षण नहीं किया गया। इससे सोने की गुणवत्ता की निगरानी को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

कैसे बचें सोने की मिलावट से?

विशेषज्ञों के अनुसार, रेनियम जैसी भारी धातुओं की पहचान के लिए आधुनिक तकनीकों की जरूरत पड़ सकती है। एक्स-रे फ्लोरेसेंस (XRF) विश्लेषण और इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी जैसी जांच से मिलावट का पता लगाने में मदद मिल सकती है।

ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे विश्वसनीय ज्वैलर्स से ही सोना खरीदें। आभूषण पर BIS हॉलमार्क और छह अंकों वाला HUID नंबर जरूर जांचें। खरीदारी के समय पक्का बिल और GST इनवॉइस लेना भी जरूरी है।

इस खुलासे ने सोना खरीदने वाले लाखों ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है। अब सवाल यह है कि मौजूदा जांच व्यवस्था में ऐसी मिलावट को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे।

Popular Articles