नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में बचत की परंपरा को मजबूत करने पर जोर देते हुए केंद्रीय मंत्रियों और सरकारी अधिकारियों से लोगों को पैसे बचाने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति ‘खाओ, पियो और मौज करो’ वाली नहीं है, बल्कि बचत और भविष्य की सुरक्षा को महत्व देने वाली रही है।
बुधवार को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक में गरीबी उन्मूलन, नक्सलवाद और नशे की समस्या सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में मौजूद अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने चिंता जताई कि गरीबी से बाहर निकले कई परिवार अनुशासनहीन खर्च के कारण दोबारा आर्थिक संकट में फंस सकते हैं। ऐसे में बचत की आदत को बढ़ावा देना जरूरी है।
50 करोड़ लोगों के गरीबी से बाहर आने पर जताई खुशी
प्रधानमंत्री ने वर्ष 2011 से 2023 के बीच भारत में गरीबी कम करने की उपलब्धि को राष्ट्रीय उत्सव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि करीब 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में केंद्र और राज्य सरकारों, अधिकारियों, उद्योगों तथा आम नागरिकों का सामूहिक योगदान रहा है।
बैठक में विभिन्न मंत्रालयों के 11 सचिवों ने गरीबी उन्मूलन और विकास योजनाओं से संबंधित प्रस्तुतियां दीं। इनमें वित्त, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, आवास और मत्स्य पालन जैसे विभाग शामिल थे।
नशामुक्त भारत बनाने का भी आह्वान
प्रधानमंत्री ने देश में नशे की बढ़ती समस्या को अगली बड़ी चुनौती बताते हुए इसे खत्म करने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस तरह देश ने नक्सलवाद की चुनौती से निपटने में सफलता हासिल की है, उसी तरह दृढ़ इच्छाशक्ति और सामूहिक प्रयासों से नशे की समस्या को भी समाप्त किया जा सकता है।
उन्होंने नशे के खिलाफ अभियान को केवल सरकारी जिम्मेदारी न मानकर समाज की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता बनाने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की अगली पीढ़ी को नशे से बचाना बेहद जरूरी है।
बैठक में नक्सलवाद की वापसी रोकने, साइबर अपराध और साइबर धोखाधड़ी से निपटने के उपायों पर भी चर्चा हुई।





