Top 5 This Week

Related Posts

कुलगाम मुठभेड़ में लश्कर का मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ भट ढेर, मस्जिद में छिपा था; सुरक्षाबलों ने दिया था सरेंडर का मौका

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों को आतंकवाद के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। बुधवार सुबह हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के मोस्ट वांटेड आतंकी मोहम्मद लतीफ अहमद भट को मार गिराया गया। वह दक्षिण कश्मीर में सक्रिय प्रमुख स्थानीय आतंकियों में शामिल था। सुरक्षाबलों ने उसे घेरने के बाद आत्मसमर्पण करने का मौका भी दिया, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया और गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।

मस्जिद में छिपा था आतंकी

अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षाबलों को कुलगाम के देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव में आतंकियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिली थी। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान चलाकर इलाके की घेराबंदी कर दी। इस दौरान लतीफ भट एक मस्जिद के अंदर छिप गया। सुरक्षाबलों ने धार्मिक स्थल को नुकसान से बचाने के लिए संयम बरतते हुए उसे बाहर आकर आत्मसमर्पण करने की अपील की। कई बार समझाने के बावजूद वह नहीं माना और तड़के करीब 3:45 बजे गोलीबारी शुरू कर दी।

सीआरपीएफ हमले में था शामिल

लतीफ भट 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में सीआरपीएफ के जवानों पर हुए हमले में शामिल था। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। जांच एजेंसियों के मुताबिक, लतीफ और उसके सहयोगी उमर निसार डार ने हमले से पहले इलाके की रेकी की थी। दोनों की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई थीं।

सहयोगी उमर डार भी मारा गया था

इससे पहले 16 नवंबर को कुलगाम के लारू बाईपास इलाके में हुई मुठभेड़ में लतीफ का सहयोगी उमर निसार डार मारा गया था। हालांकि, उस समय लतीफ सुरक्षाबलों की घेराबंदी से बचकर निकलने में सफल रहा था। इसके बाद से ही उसकी तलाश में अभियान चलाया जा रहा था।

लतीफ भट पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसकी मौत को दक्षिण कश्मीर में सक्रिय आतंकी नेटवर्क के खिलाफ सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

Popular Articles