Top 5 This Week

Related Posts

मंगलुरु में इंडिगो विमान का टेकऑफ रोका, रनवे पर दिखीं चिंगारियां; 229 यात्री और सात क्रू मेंबर सुरक्षित

मंगलुरु। कर्नाटक के मंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार शाम एक बड़ा विमान हादसा टल गया। मंगलुरु से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 388 के टेकऑफ से ठीक पहले तकनीकी खराबी सामने आ गई। विमान रनवे पर उड़ान भरने के लिए तेजी से आगे बढ़ रहा था, तभी पायलटों ने समस्या को भांपते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए और विमान को रोक दिया। विमान में सवार सभी 229 यात्रियों और चालक दल के सात सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

टेकऑफ के दौरान दिखीं चिंगारियां

जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार शाम करीब 6:05 बजे की है। विमान ने रनवे पर रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी थी। इसी दौरान विमान के नीचे चिंगारियां दिखाई देने की खबर सामने आई। कुछ स्थानीय रिपोर्टों में विमान का एक टायर फटने की बात भी कही गई है। हालांकि, एयरलाइन ने चिंगारी या टायर फटने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पायलटों ने तत्काल टेकऑफ रद्द कर दिया और विमान को वापस पार्किंग बे में ले जाया गया। इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया।

विमान को उड़ान के लिए अयोग्य घोषित किया

इंडिगो के प्रवक्ता के अनुसार, उड़ान से कुछ समय पहले तकनीकी समस्या का पता चला था। मानक सुरक्षा प्रक्रिया के तहत विमान को जांच के लिए वापस लाया गया। एयरलाइन की इंजीनियरिंग टीम ने विस्तृत निरीक्षण के बाद विमान को मरम्मत और आवश्यक मंजूरी मिलने तक उड़ान के लिए अनुपयुक्त घोषित कर दिया।

34 यात्रियों ने दूसरी फ्लाइट से किया सफर

यात्रियों की सुविधा के लिए इंडिगो ने वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की। मंगलवार रात 12:10 बजे रवाना हुई इस राहत उड़ान से मूल विमान के 229 यात्रियों में से केवल 34 यात्री ही बेंगलुरु जा सके। एयरलाइन ने यात्रियों को भोजन, जलपान, होटल में ठहरने, वैकल्पिक कनेक्शन और नियमानुसार रिफंड की सुविधा भी दी।

बताया जा रहा है कि पूर्व सांसद नलिन कुमार कटील भी इस विमान में सवार थे। घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। समय रहते पायलटों द्वारा लिया गया फैसला संभावित बड़े हादसे को टालने में अहम साबित हुआ।

Popular Articles