Top 5 This Week

Related Posts

सरकार की सलाह के बाद Meta ने बदली Instagram की पॉलिसी, अब यूजर्स को कम दिखेंगे अश्लील और हिंसक कंटेंट

नई दिल्ली। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अश्लील और हिंसक सामग्री की बढ़ती पहुंच को रोकने के लिए मेटा ने अपनी कंटेंट रिकमेंडेशन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। भारत सरकार की ओर से सुझाव दिए जाने के करीब एक महीने बाद कंपनी ने भारतीय यूजर्स के लिए अपने एल्गोरिदम को और सख्त कर दिया है। नई व्यवस्था के तहत अब यूजर्स को इंस्टाग्राम के रील्स, एक्सप्लोर और फीड में अश्लीलता तथा हिंसा से जुड़े कंटेंट कम दिखाई देंगे।

मेटा ने मंगलवार को बताया कि कंपनी ने भारत में इंस्टाग्राम के डिफॉल्ट सुरक्षा उपायों को मजबूत किया है। इसके लिए अधिक सक्षम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मॉडल का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो किसी पोस्ट को यूजर्स तक पहुंचाने से पहले उसकी जांच करेंगे। पहले कई मामलों में किसी कंटेंट के खिलाफ यूजर की शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की जाती थी, लेकिन अब एआई तकनीक की मदद से आपत्तिजनक सामग्री की पहचान पहले ही की जा सकेगी।

सरकार ने जताई थी चिंता

दरअसल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने 10 अक्टूबर को मेटा को एडवाइजरी जारी कर इंस्टाग्राम और फेसबुक के कंटेंट रिकमेंडेशन सिस्टम की समीक्षा करने को कहा था। सरकार ने चिंता जताई थी कि भ्रामक, छेड़छाड़ किए गए और संदर्भ से हटाकर प्रस्तुत किए गए वीडियो या पोस्ट को एल्गोरिदम जरूरत से ज्यादा बढ़ावा दे सकते हैं। इससे भ्रम, हिंसा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं पैदा होने की आशंका है।

शिकायतों में 50 प्रतिशत की कमी

मेटा के मुताबिक, नई व्यवस्था लागू होने के बाद भारत में रिकमेंड किए गए कंटेंट को लेकर यूजर्स की शिकायतों में पिछले साल की तुलना में करीब 50 प्रतिशत कमी आई है। कंपनी का कहना है कि यह बदलाव यूजर्स के फीडबैक और उनकी पसंद को ध्यान में रखकर किया गया है।

पूरी तरह प्रतिबंधित नहीं होगा कंटेंट

मेटा ने स्पष्ट किया है कि नई व्यवस्था का मतलब सभी ऐसे कंटेंट पर प्रतिबंध लगाना नहीं है। यह बदलाव मुख्य रूप से उन पोस्ट पर लागू होगा, जिन्हें यूजर्स ऐसे अकाउंट से देखते हैं जिन्हें वे फॉलो नहीं करते। वहीं, कंपनी के कम्युनिटी स्टैंडर्ड का उल्लंघन करने वाली सामग्री पहले की तरह हटाई जाती रहेगी।

इंस्टाग्राम पर यूजर्स ‘नॉट इंटरेस्टेड’ और सेंसिटिव कंटेंट कंट्रोल जैसे विकल्पों के जरिए अपनी पसंद के अनुसार दिखाई देने वाली सामग्री को भी नियंत्रित कर सकेंगे।

Popular Articles