Top 5 This Week

Related Posts

गूलर बस हादसा: मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये देगी धामी सरकार, घायलों को भी मिलेगी आर्थिक मदद

देहरादून। टिहरी गढ़वाल जिले के गूलर में हुए भीषण बस हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को दो-दो लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये और सामान्य रूप से घायलों को 40 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पहुंचे और हादसे में घायल यात्रियों का हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की स्थिति के बारे में भी चर्चा की और सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जल्द उपलब्ध कराई जाएगी सहायता राशि

मुख्यमंत्री ने टिहरी के जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और देहरादून के संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत निर्धारित राहत राशि पीड़ितों को जल्द उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलनी चाहिए।

बस हादसे में नौ लोगों की हुई मौत

गौरतलब है कि मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर बाजार के पास हरिद्वार से चमोली के कर्णप्रयाग जा रही यात्री बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी थी। हादसे में नौ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हुए हैं।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों का ऋषिकेश एम्स में उपचार चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने हादसे पर दुख जताते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है।

Popular Articles