लक्सर (हरिद्वार)। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में उस समय पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई, जब आधी रात को एक मगरमच्छ अचानक लक्सर कोतवाली परिसर में घुस आया। मगरमच्छ को परिसर में घूमते देखकर पुलिसकर्मी सतर्क हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, देर रात कोतवाली परिसर में मगरमच्छ दिखाई देने से वहां मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। कुछ देर तक मगरमच्छ परिसर में घूमता रहा। पुलिसकर्मियों ने उससे दूरी बनाए रखी और किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए वन विभाग की मदद मांगी।
वन विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी गुरजंट सिंह और भोपाल सिंह सहित अन्य वनकर्मी मौके पर पहुंचे। टीम ने सावधानीपूर्वक मगरमच्छ को काबू करने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी सतर्कता के साथ मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया गया।
वन विभाग की टीम ने बाद में मगरमच्छ को सुरक्षित प्राकृतिक एवं संरक्षित क्षेत्र में छोड़ दिया। इस दौरान किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
मगरमच्छ के पकड़े जाने पर पुलिस ने ली राहत की सांस
कोतवाली जैसे संवेदनशील परिसर में मगरमच्छ के अचानक पहुंचने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। मगरमच्छ के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मगरमच्छ कोतवाली परिसर में किस रास्ते से पहुंचा। घटना के बाद क्षेत्र में वन्यजीवों की आबादी वाले इलाकों में आवाजाही को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।





