Top 5 This Week

Related Posts

अमेरिका में बैंकिंग सेवाओं पर तकनीकी संकट, जेपी मॉर्गन और बैंक ऑफ अमेरिका के ग्राहकों को हुई परेशानी; हजारों शिकायतें दर्ज

न्यूयॉर्क। अमेरिका में लगातार तकनीकी गड़बड़ियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहले हवाई यातायात और माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं प्रभावित हुईं और अब देश के बड़े बैंकों की ऑनलाइन बैंकिंग सेवाओं में बाधा सामने आई है। सोमवार को जेपी मॉर्गन चेज, बैंक ऑफ अमेरिका, यूएस बैंक और वेल्स फार्गो समेत कई वित्तीय संस्थानों के ग्राहकों को ऑनलाइन खाते खोलने, बैलेंस देखने और पैसों के लेनदेन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के अनुसार, सबसे अधिक शिकायतें जेपी मॉर्गन चेज के ग्राहकों की ओर से दर्ज की गईं। यहां शिकायतों का आंकड़ा बढ़कर 4,829 तक पहुंच गया। बैंक ऑफ अमेरिका के लिए 2,000 से अधिक, यूएस बैंक के लिए 650 से ज्यादा और वेल्स फार्गो के लिए करीब 380 शिकायतें दर्ज की गईं। कैपिटल वन और डिजिटल भुगतान सेवा जेल (Zelle) के उपयोगकर्ताओं ने भी समस्याओं की जानकारी दी।

सॉफ्टवेयर बग बना परेशानी की वजह

जेपी मॉर्गन चेज ने स्पष्ट किया कि सेवाओं में आई बाधा के पीछे उसके आंतरिक हार्डवेयर सिस्टम में मौजूद सॉफ्टवेयर बग जिम्मेदार था। बैंक के अनुसार, यह साइबर हमला नहीं था। तकनीकी समस्या के कारण कुछ लेनदेन सामान्य से अधिक समय ले रहे थे, हालांकि ग्राहकों की राशि और खातों तक पहुंच बनी हुई थी।

बैंक ने बताया कि उसके सिस्टम से जुड़े लेनदेन करने वाले अन्य वित्तीय संस्थानों के ग्राहकों को भी देरी का सामना करना पड़ सकता है। कंपनी ने समस्या को जल्द ठीक करने का भरोसा दिया।

जेल भुगतान सेवा पर भी पड़ा असर

बैंकिंग सेवाओं में बाधा का असर जेल के माध्यम से होने वाले कुछ भुगतान पर भी दिखाई दिया। हालांकि कंपनी ने स्पष्ट किया कि उसका अपना नेटवर्क सामान्य रूप से काम कर रहा था। कुछ बैंकों के तकनीकी सिस्टम में परेशानी के कारण भुगतान में देरी हो सकती है।

एक सप्ताह में तीसरी बड़ी तकनीकी गड़बड़ी

अमेरिका में एक सप्ताह के भीतर तकनीकी संकट की यह नई घटना है। इससे पहले माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में बड़ी बाधा आई थी, जिससे आउटलुक, टीम्स और कोपायलट प्रभावित हुए थे। इसके बाद फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के संचार सिस्टम में खराबी के कारण देशभर में उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी थी। इस दौरान 10 हजार से अधिक उड़ानें प्रभावित हुई थीं।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने अमेरिका के महत्वपूर्ण डिजिटल और तकनीकी बुनियादी ढांचे की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, आपस में जुड़े डिजिटल सिस्टम में एक छोटी तकनीकी खराबी भी बड़े स्तर पर सेवाओं को प्रभावित कर सकती है।

Popular Articles