Top 5 This Week

Related Posts

जनगणना-2027: चार राज्यों में डिजिटल स्व-गणना शुरू, 30 नवंबर तक घर बैठे भर सकेंगे परिवार का ब्योरा

नई दिल्ली। देश में जनगणना-2027 की प्रक्रिया को डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। इसके तहत सोमवार, 16 नवंबर से उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा और उत्तराखंड के गैर-बर्फबारी वाले क्षेत्रों में दूसरे चरण की स्व-गणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन) प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन राज्यों के निवासी 30 नवंबर 2026 तक घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार और सदस्यों से जुड़ी जानकारी दर्ज करा सकेंगे।

केंद्रीय गृह मंत्रालय के अनुसार, स्व-गणना की सुविधा के बाद एक दिसंबर 2026 से चारों राज्यों में घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी। यह अभियान चार जनवरी 2027 तक चलेगा। इसके बाद पांच से नौ जनवरी तक संशोधन का दौर आयोजित किया जाएगा। इन राज्यों के लिए जनगणना की संदर्भ तिथि पांच जनवरी 2027 की मध्यरात्रि निर्धारित की गई है।

16 भाषाओं में उपलब्ध होगी सुविधा

जनगणना के इतिहास में पहली बार डिजिटल उपकरणों के माध्यम से यह प्रक्रिया पूरी की जा रही है। स्व-गणना के लिए सरकार ने एक वेब पोर्टल तैयार किया है, जो 16 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है। इच्छुक नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से लॉगिन कर सकते हैं। इसके बाद परिवार और व्यक्तिगत जानकारी से जुड़े 40 निर्धारित सवालों के जवाब देने होंगे।

जानकारी सफलतापूर्वक जमा होने के बाद एक विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या (एसई आईडी) जारी की जाएगी। इसे बाद में घर आने वाले जनगणना कर्मचारी को उपलब्ध कराना होगा।

अन्य राज्यों में जनवरी से शुरू होगी प्रक्रिया

देश के बाकी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में स्व-गणना की सुविधा 10 से 24 जनवरी 2027 तक उपलब्ध रहेगी। यहां 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना होगी। इसके बाद एक से पांच मार्च तक संशोधन का कार्य किया जाएगा।

जानकारी रहेगी पूरी तरह गोपनीय

सरकार ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन स्व-गणना नहीं कराने वाले परिवारों की जानकारी भी जनगणना कर्मचारी घर-घर जाकर एकत्र करेंगे। जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत जुटाई गई सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी। इनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों और विकास योजनाओं के निर्माण के लिए किया जाएगा।

Popular Articles