हल्द्वानी। हल्द्वानी की क्रिकेट एकेडमी में बल्ला थामने वाला लक्ष्य रायचंदानी अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी चमक बिखेर रहा है। ओमान में अंडर-19 एशिया कप फाइनल में उसकी कप्तानी में भारत ने पाकिस्तान को आखिरी गेंद पर एक विकेट से हराकर खिताब जीत लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने नौ विकेट पर 337 रन बनाए। उस्मान ने 107 और अब्दुल कादिर ने 80 रन बनाए। भारत की ओर से काव्या पटेल ने चार विकेट झटके।
जवाब में भारतीय टीम ने कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के 80 रन, आर्यवीर सहवाग के 58, मनल चौहान के 47 और मोहित ऊल्वा के नाबाद 49 रनों की बदौलत लक्ष्य हासिल किया। अंतिम गेंद पर चिंगरुपती वेंकटा के चौके ने भारत की जीत पर मुहर लगा दी।
हल्द्वानी में सीखी क्रिकेट की बारीकियां
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा निवासी लक्ष्य के पिता लक्ष्मी रायचंदानी और माता-पिता के परिवार ने बचपन से उसके क्रिकेट को आगे बढ़ाने में सहयोग किया। करीब नौ वर्ष की उम्र में पिता उसे हल्द्वानी की जीएनजी क्रिकेट एकेडमी लेकर आए। यहां स्वर्गीय कोच अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में उसने क्रिकेट की बारीकियां सीखीं।
नैनीताल क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष कमल पपने ने लक्ष्य को जिले की शान बताते हुए उसकी बल्लेबाजी, अनुशासन और साथी खिलाड़ियों को प्रेरित करने की क्षमता की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि लक्ष्य जल्द भारतीय सीनियर टीम में भी जगह बनाएगा।
लक्ष्य की उपलब्धि पर बीसीसीआई के पूर्व उपाध्यक्ष महिम वर्मा, सीएयू अध्यक्ष दीपक मेहरा, सचिव किरण वर्मा, सुमित हृदयेश, कमल पपने, हर्ष गोयल, दिग्विजय कनवाल, पूजा कांडपाल, लीला कांडपाल, नरेंद्र अधिकारी, आनंद बिष्ट, मनोज भट्ट और कोच सन्नी कुमार ने बधाई दी।





