Top 5 This Week

Related Posts

बिहार बोर्ड ने जारी किया मैट्रिक-इंटर सेंटअप परीक्षा 2027 का कार्यक्रम, अनुपस्थित या फेल होने पर नहीं मिलेगा एडमिट कार्ड

पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा-2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए सेंटअप परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, इंटरमीडिएट की सेंटअप परीक्षा 19 से 28 नवंबर तक आयोजित की जाएगी, जबकि मैट्रिक की परीक्षा 23 से 27 नवंबर तक चलेगी। दोनों कक्षाओं की प्रायोगिक परीक्षाओं की तिथियां भी घोषित कर दी गई हैं।

बोर्ड के अनुसार, इंटरमीडिएट की प्रायोगिक परीक्षा 30 नवंबर से दो दिसंबर तक आयोजित होगी। वहीं, मैट्रिक की प्रायोगिक परीक्षा 28 नवंबर को कराई जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम 5:15 बजे तक निर्धारित की गई है।

17 और 18 नवंबर को मिलेंगे प्रश्नपत्र

परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय ने सभी संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। पटना में प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण की व्यवस्था की गई है। राजकीय बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजेंद्र नगर से 17 और 18 नवंबर को सुबह 10:30 बजे से उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त की जा सकेंगी। विद्यालयों को निर्धारित समय पर परीक्षा सामग्री प्राप्त करने और सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

अनुपस्थित रहने पर रुक सकता है एडमिट कार्ड

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सेंटअप परीक्षा में शामिल होना विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य है। जो विद्यार्थी इस परीक्षा में अनुपस्थित रहेंगे या अनुत्तीर्ण होंगे, उन्हें वर्ष 2027 की वार्षिक बोर्ड परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी नहीं किया जाएगा। हालांकि, पूर्ववर्ती, कंपार्टमेंटल और इंप्रूवमेंट श्रेणी के विद्यार्थियों को सेंटअप परीक्षा से छूट दी गई है।

मैट्रिक और इंटर की प्रमुख तिथियां

इंटरमीडिएट में 19 नवंबर को फिजिक्स, फिलॉसफी और आंत्रप्रेन्योरशिप की परीक्षा होगी। 20 नवंबर को गणित, जियोग्राफी, बायोलॉजी और बिजनेस स्टडीज की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद 21 नवंबर को अंग्रेजी और भाषा विषयों की परीक्षा होगी। अन्य विषयों की परीक्षाएं 25 से 28 नवंबर तक चलेंगी।

वहीं, मैट्रिक की परीक्षा 23 नवंबर को मातृभाषा और भारतीय भाषा से शुरू होगी। 25 नवंबर को विज्ञान और सामाजिक विज्ञान, 26 नवंबर को गणित और अंग्रेजी तथा 27 नवंबर को ऐच्छिक विषयों की परीक्षा होगी।

बोर्ड ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार अपनी तैयारी पूरी रखें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।

Popular Articles