Top 5 This Week

Related Posts

छठ पूजा पर रामायण रिसर्च काउंसिल की बड़ी पहल, देशभर की प्रेरणादायी महिलाओं को मिलेगा ‘श्रीसीता-सम्मान’

नई दिल्ली। छठ पूजा के अवसर पर रामायण रिसर्च काउंसिल ने देशभर की प्रेरणादायी महिलाओं को सम्मानित करने के लिए ‘श्रीसीता-सम्मान’ अभियान शुरू करने की पहल की है। इस अभियान के तहत देश के अलग-अलग राज्यों के प्रत्येक जिले तक पहुंचकर समाज सेवा, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।

काउंसिल के महासचिव कुमार सुशांत ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के संघर्ष, उपलब्धियों और प्रेरणादायी जीवन प्रसंगों को समाज के सामने लाना है। इसके लिए देशभर में सम्मान समारोह आयोजित करने के साथ ऑनलाइन और ऑफलाइन कार्यक्रम भी किए जाएंगे। इसके अलावा चयनित महिलाओं के जीवन और उनके आदर्शों पर आधारित पुस्तकों का प्रकाशन भी किया जाएगा।

इस पहल के तहत ‘भारत की वीर-पुत्रियां’ शीर्षक से एक पुस्तक तैयार की गई है। इसके कई संस्करण प्रकाशित करने की योजना है। काउंसिल का मानना है कि इन पुस्तकों के माध्यम से नई पीढ़ी को देश की प्रेरणादायी महिलाओं के जीवन, संघर्ष और योगदान से परिचित कराया जा सकेगा।

रामायण रिसर्च काउंसिल के बोर्ड ऑफ ट्रस्टी के अध्यक्ष और उत्तराखंड से सांसद अजय भट्ट ने कहा कि इस अभियान को व्यापक स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं के योगदान को पहचान दिलाना और उन्हें उचित सम्मान देना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।

14 दिसंबर को दिल्ली में होगा पहला आयोजन

काउंसिल ने सीता-राम विवाह पंचमी के अवसर पर 14 दिसंबर को नई दिल्ली में पहला ‘श्रीसीता-सम्मान’ समारोह आयोजित करने की घोषणा की है। इस पहल को संतों का मार्गदर्शन और आशीर्वाद भी प्राप्त है।

काउंसिल पहले से ही देशभर में श्रीजानकी कथा का आयोजन कर रही है। अब ‘श्रीसीता-सम्मान’ अभियान के माध्यम से महिला सम्मान, नारी सशक्तीकरण और सांस्कृतिक चेतना को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

Popular Articles