Top 5 This Week

Related Posts

केदारनाथ आपदा की आंखों देखी कहानी अब किताब में दर्ज, डॉक्टर की डायरी में कैद है तबाही का खौफनाक मंजर

देहरादून। वर्ष 2013 में केदारनाथ में आई भीषण प्राकृतिक आपदा की दर्दनाक यादें आज भी लोगों के जेहन में ताजा हैं। उस त्रासदी में मची तबाही, राहत एवं बचाव कार्यों के दौरान सामने आई चुनौतियों और मानवीय संघर्षों को अब एक किताब के माध्यम से सामने लाया गया है। वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधीर शैली ने अपने अनुभवों को पुस्तक ‘केदारनाथ संस्मरण – एक डॉक्टर की डायरी’ में दर्ज किया है। पुस्तक का हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में विमोचन किया गया।

डॉक्टर ने करीब से देखी थी तबाही

डॉ. सुधीर शैली ने बताया कि केदारनाथ आपदा के दौरान उन्होंने घायलों के उपचार, राहत एवं बचाव कार्यों और प्रभावित परिवारों की पीड़ा को करीब से देखा था। उस समय चिकित्सा सुविधाओं, जरूरी संसाधनों और स्वास्थ्य सेवाओं की भारी कमी थी। कठिन परिस्थितियों के बावजूद डॉक्टरों और बचाव दलों ने लोगों की जान बचाने के लिए लगातार प्रयास किए।

उन्होंने कहा कि यह पुस्तक केवल प्राकृतिक आपदा का घटनाक्रम नहीं है, बल्कि उन लोगों के साहस, संघर्ष, सेवा और मानवीय संवेदनाओं का दस्तावेज भी है, जिन्होंने उस कठिन समय में जीवन बचाने के लिए काम किया।

आपदा से सबक लेने की जरूरत

पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष और पद्मश्री सम्मानित प्रो. डॉ. बीकेएस संजय ने कहा कि केदारनाथ आपदा से मिले सबक को भविष्य की आपदा प्रबंधन योजनाओं में शामिल करना जरूरी है।

उन्होंने चारधाम यात्रा मार्गों पर नियमित मौसम बुलेटिन जारी करने, यात्रियों की संख्या मार्गों की क्षमता के अनुसार निर्धारित करने और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर प्रशिक्षित डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, ऑक्सीजन, दवाइयां और एंबुलेंस जैसी सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए।

कई प्रमुख लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति डॉ. सुधा रानी पांडेय ने की। वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गीता खन्ना मुख्य अतिथि रहीं। पूर्व पुलिस महानिदेशक अनिल रतूड़ी सहित चिकित्सा और साहित्य जगत की कई हस्तियां कार्यक्रम में शामिल हुईं।

वक्ताओं ने कहा कि ऐसी पुस्तकें आपदा के इतिहास को सुरक्षित रखने के साथ भविष्य की पीढ़ियों को भी महत्वपूर्ण सीख देती हैं।

Popular Articles