Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में शीतकालीन चारधाम यात्रा के लिए भी होगा पंजीकरण, श्रद्धालुओं का तैयार होगा रिकॉर्ड

देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के कपाट बंद होने के बाद भी श्रद्धालु शीतकाल में चारों धामों के प्रवास स्थलों पर दर्शन कर सकेंगे। इस यात्रा को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए प्रदेश सरकार अब शीतकालीन चारधाम यात्रा में भी पंजीकरण व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं का पूरा रिकॉर्ड पर्यटन विभाग और प्रशासन के पास उपलब्ध रहेगा।

पर्यटन विभाग के अनुसार, शीतकालीन यात्रा के लिए पंजीकरण व्यवस्था बनाने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, चारधाम की मुख्य यात्रा की तरह इसमें पंजीकरण अनिवार्य नहीं होगा। श्रद्धालुओं की संख्या कम रहने के कारण इसे स्वैच्छिक रखने की योजना है।

इन स्थानों पर होंगे शीतकाल में दर्शन

सर्दियों में चारों धामों के कपाट बंद होने के बाद देवी-देवताओं की पूजा उनके शीतकालीन प्रवास स्थलों पर होती है। बाबा केदारनाथ की पंचमुखी डोली ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होती है। मां गंगोत्री की पूजा मुखबा और मां यमुनोत्री की पूजा खरसाली में होती है।

वहीं, बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद भगवान उद्धव की पूजा पांडुकेश्वर में और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी की पूजा ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर में की जाती है। श्रद्धालु इन स्थानों पर पहुंचकर शीतकाल में भी पूजा-अर्चना और दर्शन कर सकते हैं।

2024 में 73 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आठ दिसंबर 2024 को ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ शीतकालीन यात्रा की शुरुआत की थी। पहले वर्ष 73 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने शीतकालीन प्रवास स्थलों पर दर्शन किए थे। वर्ष 2025 में भी 50 हजार से अधिक श्रद्धालु यहां पहुंचे।

सुरक्षा और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल के अनुसार, सरकार शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने के लिए पंजीकरण व्यवस्था तैयार करने पर विचार कर रही है। इससे यात्रियों की संख्या, उनकी यात्रा संबंधी जानकारी और आवाजाही का रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

सरकार का मानना है कि शीतकालीन यात्रा से पहाड़ी क्षेत्रों में पर्यटन और स्थानीय कारोबार को सालभर गति मिल सकेगी।

Popular Articles