कानपुर, जागरण संवाददाता। उत्तर प्रदेश के कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर बुधवार शाम बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। कानपुर अनवरगंज से गोरखपुर जा रही ट्रेन संख्या 15003 चौरी-चौरा एक्सप्रेस के चार कोच स्टेशन से रवाना होने के कुछ ही देर बाद पटरी से उतर गए। हादसा शाम करीब 5:05 बजे हुआ। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के अनुसार, चौरी-चौरा एक्सप्रेस शाम 5:03 बजे कानपुर सेंट्रल के प्लेटफॉर्म नंबर सात से रवाना हुई थी। स्टेशन से आगे बढ़ने के करीब दो मिनट बाद ट्रेन के बी-4, बी-5, बी-6 और बी-7 कोच पटरी से उतर गए। चारों कोच की एक-एक ट्रॉली पटरी से बाहर निकल गई। हादसे के समय प्रभावित कोचों में करीब 300 यात्री सवार थे। सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी दी गई है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे के अधिकारी, तकनीकी कर्मचारी और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं। डिप्टी चीफ ट्रैफिक मैनेजर (सीटीएम) कानपुर के नेतृत्व में राहत एवं बहाली का काम शुरू कराया गया। प्रयागराज से भी वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों को घटनास्थल पर भेजा गया।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की। प्रभावित कोचों को छोड़कर बाकी ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर ले जाने की तैयारी की गई। यात्रियों को विशेष ट्रेन से आगे भेजने और यात्रा जारी नहीं रखने वालों को टिकट का पूरा रिफंड देने की व्यवस्था भी की गई।
हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। रेलवे ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए कानपुर सेंट्रल पर हेल्पलाइन नंबर 0512-2323018, 0512-2323016 और 0512-2323015 जारी किए गए हैं। प्रयागराज जंक्शन के लिए 0532-2408128, 0532-2407353 और फतेहपुर स्टेशन के लिए 9151833006 नंबर जारी किया गया है।




