खुशियों का न्योता बांटने निकले थे दोनों, सड़क हादसे ने उजाड़ दिया परिवार; दो मौतों से शादी की खुशियां मातम में बदलीं
हल्द्वानी। घर में बेटियों की शादी की तैयारियां चल रही थीं। रिश्तेदारों तक खुशियों का न्योता पहुंचाने निकले दो भाइयों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। गदरपुर के बलखेड़ा मोड़ पर हुए भीषण सड़क हादसे में पहले चुन्नीलाल की जान गई और अब उनके साथ बाइक पर सवार ममेरे भाई भोला ने भी दम तोड़ दिया। एक ही हादसे में दो मौतों से परिवार की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं।
रामपुर जिले के ग्राम ढक्का हाजीनगर निवासी 52 वर्षीय चुन्नीलाल नौ नवंबर को अपने 62 वर्षीय ममेरे भाई भोला निवासी ग्राम नत्थू मढैया के साथ बाइक से गदरपुर गए थे। बलखेड़ा मोड़ के पास हाईवे पर डिवाइडर के अवैध कट से अचानक सामने आई कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद चुन्नीलाल ने हल्द्वानी लाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया था, जबकि गंभीर हालत में भोला को डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां मंगलवार देर रात उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि चुन्नीलाल अपनी दो बेटियों की शादी के निमंत्रण कार्ड बांटने निकले थे। जिस घर में शहनाइयां गूंजने की तैयारी थी, वहां अब दो मौतों का मातम पसरा है। एक सड़क हादसे ने न सिर्फ दो जिंदगियां छीन लीं, बल्कि पूरे परिवार की खुशियों को भी उजाड़ दिया।





