रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर में वर्ष 2007 के सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर हुए आतंकी हमले के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से हत्या और आतंकवाद समेत गंभीर आरोपों में बरी हुए मोहम्मद शरीफ की मंगलवार देर शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान शरीफ अपने बेटे के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे।
बेटे के साथ जा रहे थे घर, रास्ते में घेरकर मारी गोली
जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद शरीफ रामपुर के खजुरिया थाना क्षेत्र के बदनपुरी गांव के निवासी थे। मंगलवार को वह अपने बेटे अबू वाइस खान के साथ खजुरिया थाने गए थे। बताया जा रहा है कि पुलिस ने उन्हें पूछताछ और सत्यापन के लिए बुलाया था। थाने से लौटते समय पनवड़िया गांव के पास बाइक सवार दो हमलावरों ने उनकी बाइक को निशाना बनाया और कई गोलियां चला दीं। हमले में शरीफ गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उनका बेटा हमले में सुरक्षित बच गया।
17 साल से अधिक समय तक रहे थे जेल में
मोहम्मद शरीफ वर्ष 2007 में रामपुर स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर हुए आतंकी हमले के आरोपित थे। 31 दिसंबर 2007 की रात हुए इस हमले में सात सीआरपीएफ जवान और एक रिक्शा चालक मारे गए थे, जबकि पांच लोग घायल हुए थे। वर्ष 2019 में रामपुर की अदालत ने शरीफ समेत चार आरोपितों को फांसी की सजा सुनाई थी।
हालांकि, अक्टूबर 2025 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जांच में गंभीर खामियां पाते हुए हत्या, आतंकवाद और अन्य प्रमुख आरोपों में उन्हें बरी कर दिया था। अदालत ने आर्म्स एक्ट के तहत 10 साल की सजा बरकरार रखी थी। जेल में बिताई अवधि समायोजित होने के बाद शरीफ नवंबर 2025 में रिहा हुए थे।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।




