Top 5 This Week

Related Posts

अमित शाह के वीडियो पर प्रल्हाद जोशी का राहुल गांधी को जवाब, बोले- कन्फ्यूजन आपको है, हमें नहीं; संसद में तथ्यों के साथ करें बहस

नई दिल्ली: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर गृह मंत्री अमित शाह का वीडियो काटकर और संदर्भ से हटाकर साझा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने एसआईआर के मुद्दे पर बिल्कुल भी होमवर्क नहीं किया है। जोशी ने कांग्रेस नेता को संसद में तथ्यों के साथ बहस करने की चुनौती भी दी।

राहुल गांधी ने साझा किए थे अमित शाह के दो वीडियो

दरअसल, राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अमित शाह के दो वीडियो क्लिप साझा किए थे। इनमें एक वीडियो पिछले साल 5 दिसंबर का है, जिसमें अमित शाह कहते नजर आते हैं कि एसआईआर पर संसद में चर्चा नहीं हो सकती, क्योंकि यह चुनाव आयोग के अधिकार क्षेत्र का विषय है।

वहीं, दूसरे वीडियो में अमित शाह एसआईआर पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने की बात कहते दिखाई देते हैं। इन दोनों बयानों को साझा करते हुए राहुल गांधी ने सरकार के रुख पर सवाल उठाए थे।

जोशी बोले- चुनाव हारते ही प्रक्रिया पर उठाते हैं सवाल

राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए प्रल्हाद जोशी ने कहा कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है तो उसे चुनावी प्रक्रिया सही लगती है, लेकिन हारने पर उसी प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगती है।

उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस ने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव भी हारे थे, जबकि उस समय एसआईआर नहीं हुआ था। जोशी ने राहुल गांधी से पूछा कि क्या वे इन चुनावी हार की जिम्मेदारी लेंगे या इसके लिए किसी और को दोष देंगे?

संसद में बहस करने की दी चुनौती

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह पहले ही एसआईआर पर संसद में चर्चा की चुनौती दे चुके हैं। सरकार इस मुद्दे पर चर्चा के लिए विशेष सत्र बुलाने को भी तैयार है। ऐसे में राहुल गांधी को राजनीतिक बयानबाजी छोड़कर अपने तर्क संसद में रखने चाहिए।

जोशी ने कहा कि अब राजनीतिक नाटक बहुत हो चुका है। राहुल गांधी को अपने तर्कों के साथ संसद में आना चाहिए और तथ्यों के आधार पर बहस करनी चाहिए।

Popular Articles