Top 5 This Week

Related Posts

राहुल गांधी का अमित शाह पर तंज, बोले- मोदी जी को कन्फ्यूज मत कीजिए, मेरे साथ खुली बहस के लिए मनाइए

नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खुली बहस की अपनी चुनौती दोहराते हुए अमित शाह से कहा कि वे मोदी जी को कन्फ्यूज न करें, बल्कि उन्हें बहस के लिए मनाएं।

राहुल गांधी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “अमित शाह जी, मोदी जी को कन्फ्यूज मत कीजिए। बस उन्हें मेरे साथ खुली बहस के लिए मना लीजिए। कोई भी मंच, कोई भी समय। डरो मत।”

अमित शाह के दो बयानों का वीडियो साझा किया

राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट के साथ अमित शाह के दो अलग-अलग बयानों की क्लिप वाला वीडियो भी साझा किया। पहली क्लिप में अमित शाह संसद में कहते नजर आते हैं कि एसआईआर पर सदन में चर्चा नहीं हो सकती, क्योंकि यह चुनाव आयोग से जुड़ा विषय है। वहीं, दूसरी क्लिप में वह एसआईआर पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने की बात कहते दिखाई देते हैं।

राहुल गांधी ने इन दोनों बयानों के जरिए केंद्र सरकार के रुख पर सवाल उठाए हैं।

करनाल में अमित शाह ने राहुल पर साधा था निशाना

इससे पहले गुरुवार को हरियाणा के करनाल में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान अमित शाह ने राहुल गांधी पर हमला बोला था। उन्होंने आरोप लगाया था कि कांग्रेस संसद को चलने नहीं देती और विरोध प्रदर्शन तथा वॉकआउट को अपनी राजनीतिक संस्कृति बना लिया है।

शाह ने कहा था कि संसद लोकतंत्र में बहस का सर्वोच्च मंच है। यदि राहुल गांधी एसआईआर पर चर्चा करना चाहते हैं तो सरकार संसद का विशेष सत्र बुलाने के लिए तैयार है।

पहले भी दे चुके हैं खुली बहस की चुनौती

राहुल गांधी पिछले कुछ दिनों से प्रधानमंत्री मोदी को एसआईआर और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर खुली बहस की चुनौती दे रहे हैं। उन्होंने प्रस्ताव दिया था कि बहस किसी भी मंच पर हो सकती है और इसमें मीडिया तथा युवाओं को भी शामिल किया जाए। उन्होंने यह भी कहा था कि बहस के लिए मॉडरेटर का चयन प्रधानमंत्री अपनी पसंद से कर सकते हैं।

इस मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है।

Popular Articles