Top 5 This Week

Related Posts

ट्रंप प्रशासन छोड़ने की अटकलों पर मार्को रुबियो का विराम, बोले- कार्यकाल पूरा करना है मेरा लक्ष्य

वॉशिंगटन। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन से इस्तीफा देने की खबरों को खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के अंत तक प्रशासन में बने रहना उनकी योजना है। रुबियो का यह बयान ऐसे समय आया है, जब मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को झटका लगने के बाद उनके पद छोड़ने की अटकलें तेज हो गई थीं।

‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ को दिए एक इंटरव्यू में रुबियो ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के साथ उनके कार्यकाल की पूरी अवधि तक काम करना हमेशा से उनकी योजना रही है। इस्तीफे की खबरों पर उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि उन्हें नहीं पता कि ऐसी खबरें कहां से आ रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने काम से खुश हैं।

मध्यावधि चुनाव के बाद उठीं अटकलें

दरअसल, ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि रिपब्लिकन पार्टी की चुनावी हार के बाद रुबियो और उनके सलाहकार भविष्य की संभावनाओं पर विचार कर रहे हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि उन्होंने व्हाइट हाउस के अधिकारियों से पद छोड़ने को लेकर बातचीत की है। हालांकि, उनके इस्तीफे को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ था।

व्हाइट हाउस और अमेरिकी विदेश विभाग ने भी इन खबरों को खारिज किया था। अधिकारियों ने इन्हें निराधार और गलत बताया।

2028 के राष्ट्रपति चुनाव पर साधी चुप्पी

मार्को रुबियो को वर्ष 2028 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के लिए संभावित रिपब्लिकन उम्मीदवारों में गिना जाता है। हालांकि, उन्होंने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि वह अब 2028 के चुनाव के बारे में बात नहीं करना चाहते।

रुबियो फिलहाल विदेश मंत्री के साथ-साथ राष्ट्रपति ट्रंप के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। उनके ताजा बयान से फिलहाल प्रशासन छोड़ने की अटकलों पर विराम लग गया है।

Popular Articles